हरिद्वार के एस.एम.जे.एन. पीजी कॉलेज में स्वामी विवेकानंद की जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के रूप में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) सुनील कुमार बत्रा और वरिष्ठ प्राध्यापकों ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान प्राचार्य डॉ. बत्रा ने स्वामी जी को आधुनिक भारत का महानतम विचारक बताते हुए युवाओं से अपनी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा में करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वामी जी के प्रसिद्ध संदेश ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए’ को दोहराते हुए छात्रों को निरंतर कर्मशील रहने की प्रेरणा दी। इस गरिमामयी समारोह में महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
2026-01-12














