हरिद्वार संक्षिप्त: सूचना विभाग हरिद्वार द्वारा जारी विज्ञप्तियों का विवरण

Listen to this article

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का दो दिवसीय हरिद्वार दौरा आज से

​मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 21 और 22 जनवरी को हरिद्वार जनपद के भ्रमण पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे बुधवार शाम पतंजलि योगपीठ पहुंचेंगे। अगले दिन 22 जनवरी को वे शांतिकुंज जाएंगे और उसके पश्चात बैरागी द्वीप में आयोजित ‘शताब्दी कार्यक्रम’ में प्रतिभाग करेंगे। दोपहर बाद वे कनखल हेलीपैड से प्रस्थान करेंगे।

‘जन-जन की सरकार’ शिविर में 768 लोग लाभान्वित

बहादराबाद के बहादुरपुर जट में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में 2176 लोगों ने प्रतिभाग किया। शिविर में 187 प्रमाण पत्र जारी किए गए और जनता की 94 शिकायतों में से 29 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस अवसर पर राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल और पूर्व कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानंद भी मौजूद रहे।

सड़क सुरक्षा: 10-मिनट डिलीवरी कंपनियों को सख्त चेतावनी

सड़क सुरक्षा माह के तहत परिवहन विभाग ने जनपद में विशेष अभियान चलाया। एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा के नेतृत्व में Blinkit, Zepto और Swiggy जैसे स्टोर का निरीक्षण किया गया। विभाग ने ’10 मिनट डिलीवरी’ के दबाव के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताई और कंपनियों को नोटिस जारी कर कमर्शियल वाहनों के उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही, भगत सिंह चौक पर दोपहिया वाहनों में ‘चीनी मांझे’ से बचाव के लिए प्रोटेक्शन डिवाइस लगाए गए।

हरिद्वार में ‘महा स्वच्छता अभियान’ जारी, 31 जनवरी तक चलेगा पखवाड़ा

​जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए पिछले दो महीनों से निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अब इसे ‘महा स्वच्छता अभियान’ के रूप में 31 जनवरी तक विस्तार दिया गया है। बुधवार को बीएचईएल टाउनशिप, हर की पैड़ी (नाई घाट) और जिला पंचायत क्षेत्रों में व्यापक सफाई की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विभागवार रोस्टर जारी कर जिम्मेदारी सौंपी है।


   
        

 –