जिला सूचना कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्तियों पर आधारित समाचार

Listen to this article

शहीदों की स्मृति में कलेक्ट्रेट में रखा गया दो मिनट का मौन

हरिद्वार:  शासन के निर्देशानुसार, भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले बलिदानियों की स्मृति में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सुबह 11 बजे सायरन बजते ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपना कार्य रोककर दो मिनट का मौन धारण किया। अपर जिलाधिकारी (राजस्व एवं वित्त) दीपेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक (विधि) श्याम सिंह तोमर, आशीष वर्मा और नवीन मोहन सहित भारी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपरिहार्य कारणों से जन-जन की सरकार अभियान के शिविरों की तिथि में बदलाव

हरिद्वार:  मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने जानकारी दी है कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत पूर्व में प्रस्तावित कुछ बहुउद्देशीय शिविरों की तिथियों में परिवर्तन किया गया है।

  • भगवानपुर (डाडा जलालपुर): अब यह शिविर 4 फरवरी 2026 को किसान इंटर कॉलेज वहबलपुर में आयोजित होगा।
  • रुड़की (खंजरपुर): बसंत पंचमी के अवकाश के कारण अब यह शिविर 5 फरवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा।
  • बहादराबाद (जमालपुर कला) एवं भगवानपुर (भलस्वागाज): ये दोनों शिविर अब 7 फरवरी 2026 को अपने निर्धारित स्थलों पर आयोजित होंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

  जिलाधिकारी ने कांवड़ पटरी मार्ग का किया औचक निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने के निर्देश

हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ शुक्रवार को सिंहद्वार से पुल जटवाड़ा तक कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम द्वारा सफाई में बरती जा रही ढिलाई पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सिंहद्वार के पास अवैध रूप से लगाई गई फड़, ठेली और दुकानों को तत्काल हटाने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, सीएसआर के माध्यम से पौधारोपण और सौंदर्यकरण के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

‘जन-जन की सरकार’ अभियान: एक ही दिन में हजारों लोग हुए लाभान्वित

हरिद्वार: विकास खंड नारसन और लक्सर में आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों में भारी जनसैलाब उमड़ा। इन शिविरों के माध्यम से कुल 1562 लोगों को लाभान्वित किया गया और 1639 प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

  • नारसन (मखदूमपुर): मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 1049 लोगों ने भाग लिया। यहाँ प्राप्त 31 शिकायतों में से 24 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
  • लक्सर (मुंडाखेड़ा कलां): उप जिलाधिकारी सौरभ असवाल की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 3860 ग्रामीण पहुंचे। यहाँ 66 शिकायतों में से 61 का त्वरित समाधान किया गया। इस अवसर पर राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल और शोभाराम प्रजापति ने सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

जिला गंगा संरक्षण समिति की 69वीं बैठक: प्रदूषण फैलाने वालों पर कसा शिकंजा

हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में कड़े फैसले लिए गए। जिलाधिकारी ने जल संस्थान को एसटीपी (STP) की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए और सराय व सलियर एसटीपी की संबंधित फर्मों पर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी। उन्होंने नगर निगम को निर्देशित किया कि जो डेयरी संचालक नालियों में गोबर या भूसा बहाते हैं, उन पर भारी जुर्माना लगाया जाए। साथ ही, हरकी पौड़ी के पुलों, चमगादड़ टापू और दक्षिण काली मंदिर के पास से अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस और सिंचाई विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए।