
जिलाधिकारी हरिद्वार के आह्वान पर जनपद में आयोजित ‘एक दिन एक घंटा’ महा-स्वच्छता अभियान को वरिष्ठ नागरिकों का भी भरपूर समर्थन मिला। आज 7 फरवरी को सीनियर सिटीजन वेलफेयर फाउंडेशन के बैनर तले बड़ी संख्या में बुजुर्गों ने खड़खड़ी क्षेत्र स्थित गंगा घाटों पर उतरकर सफाई अभियान चलाया। इस कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों ने समाज को स्वच्छता का संदेश देते हुए श्रमदान किया और लोगों को अपने परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया।
इस महा-अभियान में फाउंडेशन के अध्यक्ष अम्बरीश रस्तोगी और महामंत्री गोपाल कृष्ण बडोला के नेतृत्व में वरिष्ठ जनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए प्रेस क्लब हरिद्वार के पूर्व अध्यक्ष गुलशन नैय्यर और मीडिया प्रभारी सुभाष कपिल ने जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सहित जिले के उच्चाधिकारियों द्वारा पंत दीप में किए गए स्वच्छता कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की इस पहल से पूरे जिले में स्वच्छता के प्रति एक नई चेतना और सकारात्मक भाव उत्पन्न हुआ है, जिसका व्यापक प्रभाव हर ओर देखने को मिल रहा है। इसी प्रेरणा से प्रभावित होकर फाउंडेशन के सदस्यों ने भी आज गंगा घाटों की सफाई का जिम्मा संभाला।
फाउंडेशन के अध्यक्ष अम्बरीश रस्तोगी और महामंत्री गोपाल कृष्ण बडोला ने स्पष्ट किया कि सीनियर सिटीजन वेलफेयर फाउंडेशन केवल वरिष्ठ नागरिकों की संस्था ही नहीं है, बल्कि अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति भी पूरी तरह सजग है। उन्होंने सरकार द्वारा आयोजित इस महा-स्वच्छता अभियान की प्रशंसा करते हुए सुझाव दिया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर निरंतर जारी रखा जाना चाहिए, ताकि स्वच्छता एक स्थाई संस्कार बन सके।
अभियान के दौरान सतीश गुजराल, डॉ. अशोक गिरी, गणेश दत्त सहित अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने भी गंगा घाटों पर सफाई की। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जब समाज के अनुभवी और वरिष्ठ नागरिक इस प्रकार के सेवा कार्यों में आगे आते हैं, तो इससे युवा पीढ़ी और आम जनमानस के बीच एक प्रेरणादायक संदेश जाता है। इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी वरिष्ठ जनों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के प्रयासों में अपना सक्रिय योगदान देते रहेंगे।












