मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष से हरिद्वार के चार पत्रकारों को मिली ₹20 लाख की आर्थिक मदद

Listen to this article

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गठित पत्रकार कल्याण कोष से हरिद्वार जिले के तीन मृतक पत्रकारों के आश्रितों और एक गंभीर रूप से बीमार पत्रकार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने इन लाभार्थियों को 5-5 लाख रुपये के चेक वितरित किए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री समाज के हर वर्ग का सम्मान कर रहे हैं और आर्थिक रूप से कमजोर या बीमार पत्रकारों की मदद करना एक सराहनीय कदम है। उन्होंने पत्रकारों को शासन और जनता के बीच का महत्वपूर्ण सेतु बताया।

​पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की सकारात्मक पहल से पहली बार सभी आवेदनों को स्वीकृत किया गया है। हरिद्वार में श्रीमती अक्षिता शर्मा, श्रीमती सरिता और श्रीमती चंदा देवी को उनके पति के निधन के पश्चात, जबकि पत्रकार विवेक शर्मा को गंभीर बीमारी के उपचार हेतु यह सहायता राशि दी गई। इस कार्यक्रम में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित हरिद्वार प्रेस क्लब के प्रतिनिधि और कई पत्रकार भी उपस्थित रहे।