हरिद्वार समाचार: जनपद में आज की ताजा खबरें जानिए

Listen to this article

हरिद्वार में प्रतिबंधित प्लास्टिक पर नकेल: अब लगेगा भारी जुर्माना

हरिद्वार। पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन अनुभाग के आदेशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद में अवैध प्लास्टिक की बिक्री, उपयोग और उसे कूड़े में फेंकने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने इसके लिए जुर्माना आरोपित करने हेतु विभिन्न अधिकारियों को अधिकृत किया है।

​नगर क्षेत्रों में नगर आयुक्त और स्थानीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों (कम से कम सैनेटरी सुपरवाइजर स्तर) को कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VDO), सचिव और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को उल्लंघनकर्ताओं पर जुर्माना लगाने हेतु अधिकृत किया गया है। यह कदम पर्यावरण संरक्षण और जनहित को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

देसंविवि, ग्लोबलेथिक्स और इरोज इंटरनेशनल के बीच ऐतिहासिक समझौता

हरिद्वार। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय (DSVV) में आयोजित ‘एआई फॉर संस्कृति इंटरनेशनल समिट’ के दौरान तकनीक और मानवीय मूल्यों के संगम की नई शुरुआत हुई। विश्वविद्यालय ने जिनेवा स्थित अंतरराष्ट्रीय संस्था ग्लोबलेथिक्स के साथ एमओयू (MoU) साइन किया। इस पर देसंविवि के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या और डॉ. फादी दाऊ ने हस्ताक्षर किए।

​इसके साथ ही, इरोज इंटरनेशनल के साथ भी एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ, जिसके तहत ‘संस्कृति जीपीटी’ और ‘धर्म जीपीटी’ जैसे प्लेटफॉर्म विकसित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य भारतीय ज्ञान-परंपरा और नैतिक दृष्टिकोण को एआई (AI) के माध्यम से वैश्विक स्तर पर पहुँचाना है। डॉ. पण्ड्या ने कहा कि भविष्य की एआई नीतियां केवल डेटा पर नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं पर आधारित होनी चाहिए।

रानीपुर पुलिस का सत्यापन अभियान: 6 मकान मालिकों के चालान

हरिद्वार। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और घरेलू नौकरों के भौतिक सत्यापन हेतु सघन अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने संजयनगर, टिबड़ी और टिहरी विस्थापित कॉलोनी में चेकिंग की।

​अभियान के दौरान 46 किरायेदारों और मजदूरों का मौके पर सत्यापन किया गया। नियमों का उल्लंघन कर बिना सत्यापन के किरायेदार रखने वाले 6 मकान मालिकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत 60,000 रुपये के कोर्ट चालान किए गए। पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को रखने से पहले उसका सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं।

मंगलौर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा: आरोपी गिरफ्तार, पुलिस को इनाम

हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने 17 फरवरी को मंगलौर नहर पटरी पर हुए अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने आरोपी विनायक त्यागी निवासी सराय ज्वालापुर को गिरफ्तार किया है।

​जांच में सामने आया कि आरोपी ने लूट के इरादे से प्रदीप नामक व्यक्ति की पत्थर से वार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटे गए 20 हजार रुपये, खून से सनी जैकेट और हत्या में प्रयुक्त पत्थर बरामद कर लिया है। सफलता हासिल करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने 5,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

परिवहन विभाग की कार्रवाई: 50 वाहनों के चालान, 10 सीज

हरिद्वार। सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए एआरटीओ निखिल शर्मा और एआरटीओ नेहा झा के नेतृत्व में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और यातायात नियमों के उल्लंघन पर 50 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि 10 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को चेतावनी दी कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह अभियान भविष्य में और अधिक सख्ती से जारी रहेगा।

‘प्रेरणा 1.0’ में विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियां ‘श्रेष्ठ रत्न’ से सम्मानित

हरिद्वार। मनु मन की आवाज फाउंडेशन एवं आत्मचिंतनम् परिवार द्वारा आयोजित समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान और सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्रा की उपस्थिति में श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, तन्मय वशिष्ठ, डॉ. आनंद भारद्वाज, और एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित कई दिग्गजों को ‘श्रेष्ठ रत्न’ से नवाजा गया। इस अवसर पर जूनियर क्रिकेटर कनक तसलानिया और वेटलिफ्टर शशांक शर्मा को भी प्रोत्साहित किया गया।