हरिद्वार पुलिस का होली तोहफा: 140 गुमशुदा मोबाइल बरामद
हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने ‘ऑपरेशन रिकवरी’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से ₹35 लाख की कीमत के 140 गुमशुदा मोबाइल फोन ढूंढ निकाले। शनिवार को एसएसपी ने खुद इन मोबाइलों को उनके स्वामियों को सौंपा। फोन वापस पाकर लोगों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
शिक्षकों ने उठाई वेतन और सेवानिवृत्ति देयकों की मांग

हरिद्वार। राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने मांग की कि सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी देयकों का भुगतान सुनिश्चित हो। साथ ही, मेडिकल अवकाश के दौरान वेतन न रोकने और स्कूलों के विलीनीकरण पर रोक लगाने की मांग की गई। अधिकारी ने जल्द उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
अपहरण और दुष्कर्म का ₹5,000 का इनामी आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। ज्वालापुर पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी आलम उर्फ जावेद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर ₹5,000 का इनाम घोषित था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को हरिलोक तिराहे से आरोपी को दबोचा और नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया।
भाजपा की कार्यशाला: अंत्योदय और संगठनात्मक अनुशासन पर जोर

हरिद्वार। जगजीतपुर स्थित भाजपा कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य वक्ता ज्योति प्रसाद गैरोला और नगर विधायक मदन कौशिक ने कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम और अंत्योदय के सिद्धांतों से अवगत कराया। कार्यशाला का उद्देश्य जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए प्रशिक्षित करना है।
कार्यशाला में मेयर किरण जैसल,राज्यमंत्री डा.जयपाल चौहान,पूर्व राज्यमंत्री विमल कुमार,संदीप गोयल, विकास तिवारी,ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी,महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट,जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा,निपेंद्र चौधरी,आशु चौधरी,संदीप अग्रवाल,तरुण नैय्यर,सीमा चौहान,रीता चमोली,योगेश चौहान,संजीव कुमार,अजय गुप्ता,विक्रम भुल्लर,राजबीर कश्यप,तेलुराम प्रधान,प्रीति गुप्ता,अभिनव चौहान,लोकेश पाल,जसवीर बसेड़ा,एजाज हसन,रितु ठाकुर,नकलीराम सैनी,विनीत जोली,धर्मेंद्र चौहान,लक्ष्मण सिंह नागर,संदीप शर्मा, विक्रम चौहान,विवेक चौहान,प्रमोद चौहान,मोहित वर्मा,प्रणव यादव सहित तमाम भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला कारागार में बंदियों संग मनाई गई होली

हरिद्वार। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के सहयोग से जिला कारागार में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने कहा कि ऐसे आयोजनों से कैदियों में सकारात्मक सोच पैदा होती है। कार्यक्रम में बंदियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और होली गीतों पर जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भाईचारे का संदेश दिया।
किन्नर समाज ने मसान में चिता की राख से खेली होली

हरिद्वार। हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट पर किन्नर समाज ने पौराणिक परंपरा का निर्वहन करते हुए ‘मसान होली’ खेली। महामंडलेश्वर भवानी शंकरानंद गिरी के नेतृत्व में किन्नरों ने चिता की राख और गुलाल से होली मनाई। उन्होंने बताया कि यह परंपरा भगवान शिव द्वारा मसान में होली खेलने की कथा से जुड़ी है, जो जीवन की नश्वरता और अहंकार त्यागने का संदेश देती है।













