मच्छरौली की बहू रेखा रानी ने मेरठ में गाड़ा सफलता का झंडा, नेशनल पैरा सीटिंग वॉलीबॉल में जीता स्वर्ण

Listen to this article

समालखा: (सतीश कश्यप). हरियाणा की बेटियों और बहुओं ने एक बार फिर खेल के मैदान में प्रदेश का मान बढ़ाया है। उपमंडल के मच्छरौली गांव की बहू रेखा रानी (पत्नी जसवंत सिंह) ने उत्तर प्रदेश के मेरठ में आयोजित 14वीं सीनियर नेशनल महिला एवं पुरुष पैरा सीटिंग वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।

रोमांचक मुकाबले में झारखंड को दी पटखनी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में रेखा रानी की टीम का सामना झारखंड से हुआ। रेखा के सटीक प्रदर्शन और टीम वर्क की बदौलत झारखंड की टीम को शिकस्त देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। जीत के बाद गांव और परिवार में खुशी का माहौल है।

बहुमुखी प्रतिभा की धनी हैं रेखा यह पहली बार नहीं है जब रेखा रानी ने खेल जगत में अपनी चमक बिखेरी हो। इससे पहले भी वह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं:

  • पैरा एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन।
  • पैरा स्विमिंग में प्रदेश का प्रतिनिधित्व।
  • ​अब पैरा सीटिंग वॉलीबॉल में राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता।

सफलता का मंत्र: कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन अपनी जीत का श्रेय अपने कोच को देते हुए रेखा रानी ने कहा, “हिसार में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रशिक्षक राकेश सांगवान द्वारा दी गई बारीकियों और कठोर अभ्यास के कारण ही आज यह पदक जीतना संभव हो पाया है।” उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए संदेश दिया कि आज के समय में शिक्षा और खेल दोनों का संतुलन जरूरी है। यदि युवा खेलों को गंभीरता से लें, तो वे अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं।

गाँव में जश्न का माहौल रेखा रानी की इस ऐतिहासिक जीत पर स्थानीय नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने खुशी जताई है। पूर्व सरपंच नरेश रुहल, पार्षद नरेश कौशिक, सरपंच मुकेश पहलवान और हरिओम सहित अन्य ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि रेखा ने पूरे मच्छरौली गांव का नाम रोशन किया है।