नगर निकायों की समस्याओं के समाधान को सरकार प्रतिबद्ध, कूड़ा प्रबंधन के लिए मिलेंगे 500 नए वाहन: शहरी विकास मंत्री

Listen to this article

देहरादून।

प्रदेश के शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय के मंथन सभागार में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सूबे के सभी नगर निगमों के संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

​स्वच्छता और इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा फैसला

​शहरी विकास मंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 500 अतिरिक्त कूड़ा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन वाहनों की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया है।

  • विभाग में नई नियुक्तियां: व्यवस्था को गति देने के लिए हाल ही में 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। इसके अलावा निकायों में लंबे समय से खाली चल रहे अधिशासी अधिकारी, अपर अभियंता और राजस्व निरीक्षक के पदों को भी भर दिया गया है।
  • आय के स्रोत बढ़ाने पर जोर: मंत्री ने सभी निकायों से वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए स्थानीय संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने और राजस्व वृद्धि के नए नवाचार अपनाने का आह्वान किया।

​समयसीमा में कार्य पूरे करने के निर्देश

​बैठक में नगर क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण, सड़क सुधार, बिजली-पानी और गैस पाइपलाइन को भूमिगत (Underground) करने, डंपिंग जोन और आवारा पशुओं के लिए शेल्टर होम बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सामूहिक रूप से मिलकर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ काम करने के निर्देश दिए। इस बैठक में सचिव नितेश झा, अपर सचिव विनोद गिरी गोस्वामी सहित सभी नगर निगमों के महापौर और नगर आयुक्त उपस्थित रहे।