खेल जगत: हरिद्वार जनपद की खेल से सम्बंधित ख़बरें, यहां देखें

Listen to this article

पावर लिफ्टिंग में सुजाता ने 01 स्वर्ण और 01 रजत पदक अपने नाम किया

हरिद्वार। मलेशिया के जोहोर बाहरू में 10 से 15 दिसम्बर तक एशियन क्लासिक पावर लिफ्टिंग चौम्पियनशिप का आयोजन किया गया। हरिद्वार की श्रीमती सुजाता कौल ने इस प्रतियोगिता के 84 किलोग्राम वर्ग में, भारत का प्रतिनिधित्व किया तथा शानदार प्रदर्शन करते हुए 01 स्वर्ण तथा 01 रजत पदक जीतकर,देश के साथ-साथ उत्तराखंड का भी गौरव बढ़ाया है। श्रीमती कौल ने अपनी सफलता ,का श्रेय अपने प्रशिक्षक अमित कुमार तथा सुश्री मानषी त्रिपाठी को देते हुए कहा कि उनके अनवरत सहयोग, समर्पण तथा कुशल प्रशिक्षण के बल पर ही वह पदक जीतने में सफल हो सकीं। वहीं उनके दोनों प्रशिक्षकों ने श्रीमती सुजाता कौल की इस विशिष्ट उपलब्धि पर उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं। उनके प्रशिक्षकों ने कहा कि श्रीमती कौल की इस उपलब्धि से हम सभी गौरवांवित महसूस कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि श्रीमती सुजाता कौल इससे पहले भी विभिन्न स्तरों की पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अनेक पदक जीत चुकी हैं। गत वर्ष पावर लिफ्टिंग इंडिया, उत्तराखंड की ओर से आयोजित स्टेट पावर लिफ्टिंग चौम्पियंशिप में भी श्रीमती सुजाता कौल ने 03 स्वर्ण पदक प्राप्त किए थे ।

खेल पारस्परिक सद्भाव को भी बढ़ावा देते हैं”-प्रवीण चन्द्र झा

बीएचईएल में अन्तर इकाई शूटिंगबाल प्रतियोगिता का शुभारम्भ

हरिद्वार। बीएचईएल स्पोर्ट्स क्लब, हरिद्वार के तत्वावधान में तीन दिवसीय बीएचईएल अन्तर इकाई शूटिंगबॉल प्रतियोगिता का आज यहां शुभारम्भ हुआ। सेक्टर-4 स्थित स्पोर्ट्स ग्राउंड में आयोजित इस टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि,बीएचईएल के कार्यपालक निदेशक प्रवीण चन्द्र झा तथा विशिष्ट अतिथि महाप्रबंधक (प्रभारी) सीएफएफपी विवेक कुमार रायजादा थे। खिलाड़ियों तथा निर्णायकों से परिचय प्राप्त करने के पश्चात सभी को अपनी शुभकामनाएं देते हुए श्री झा ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से कर्मचारियों में टीम भावना को और मजबूत करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से खिलाड़ियों को न केवल अलग-अलग संस्कृतियों को जानने का मौका मिलता है, बल्कि एक दूसरे की कार्यशैली से भी परिचित होते हैं। श्री झा ने सभी टीमों को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए। उल्लेखनीय है कि इस अन्तर इकाई शूटिंगबॉल प्रतियोगिता में बीएचईएल की 08 इकाइयों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच बीएचईएल दिल्ली व बीएचईएल हरिद्वार के बीच खेला गया जिसमें मेजबान हरिद्वार ने दिल्ली को पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। कार्यक्रम के दौरान हरिद्वार टीम के कप्तान इंद्रजीत सिंह ने सभी खिलाडियों को खेल भावना की शपथ भी दिलायी। कार्यक्रम के प्रारम्भ में स्पोर्ट्स क्लब के संरक्षक श्री आलोक कुमार, अध्यक्ष अजय कुमार एवं महासचिव अभिनव आशीष आदि ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।

मुक्केबाजी प्रतियोगिता-2023 में पतंजलि गुरुकुलम् की छात्राओं ने लहराया परचम

हरिद्वार। जिला स्तरीय महाकुम्भ मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन भल्ला स्टेडियम हरिद्वार में किया गया जिसमें पतंजलि गुरुकुलम् की छात्रओं ने बड़े उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और विभिन्न वर्ग में पदक जीते।पतंजलि गुरुकुलम् की कक्षा 5 की तेजस्विनी तथा कक्षा 8 की राधिका को उनके श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए राज्य स्तरीय महाकुम्भ प्रतियोगिता के लिए चयनीत किया गया। उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कक्षा 6 की देविका ने रजत पदक एवं कक्षा 8 की अनुष्का पाल ने कांस्य पदक जीता।इस अवसर पर स्वामी जी महाराज ने विजयी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आशीर्वाद दिया। पतंजलि गुरुकुलम् की प्राचार्या साध्वी देवमयी ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा भावी प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

जिला सीनियर क्रिकेट लीग

पहले लीग मैच में एचसीसी ने सैनी क्रिकेट एकेडमी को 32 रन से हराया

एचसीसी के बल्लेबाज अंशुल सिंह और अर्जुन चौधरी ने बनाया शतक

हरिद्वार। जिला क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ हरिद्वार के तत्वावधान में जमालपुर कलां मैदान पर आयोजित सातवीं जिला सीनियर क्रिकेट लीग में बुधवार को एचसीसी एवं सैनी क्रिकेट अकादमी रूड़की के बीच खेले गए पहले लीग मैच में एचसीसी ने 32 रन से जीत हासिल की। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथी रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। जिला क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ हरिद्वार के पदाधिकारियों ने बुके देकर विधायक आदेश चौहान का स्वागता। विधायक आदेश चौहान ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर खिलाड़ियों स्वयं को शारीरिक व मानसिक रूप फिट रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवा खिलाड़ियों को सीनियर खिलाड़ियों से काफी कुछ सीखने को मिलता है। जिससे उनके खेल में सुधार होता है। एचआरडीए के वीसी अंशुल सिंह व शिक्षा विभाग के धर्मवीर सिंह का उत्तराखंड सिविल सर्विसेज क्रिकेट टीम में चयन होने पर विधायक आदेश चौहान व सीएओएच के सचिव इंद्रमोहन बड़थ्वाल ने उन्हें सम्मानित किया। एचसीसी एवं सैनी क्रिकेट अकादमी रूड़की के बीच ख्ेाले गए लीग मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एचसीसी की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में एक विकेट गंवाकर 283 रन बनाए। जिसमें टीम की तरफ से ओपनर बल्लेबाज एचआरडीए के वीसी अंशुल सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 125 गंेंदों पर 154 नाबाद रन बनाए। अर्जुन चौधरी ने 111गेंदों पर 108 रन बनाए। सैनी क्रिकेट एकेडमी की तरफ से शिवम सैनी ने एक विकेट लिया। 284 रन के लक्ष्य पीछा करते हुए सैनी क्रिकेट एकेडमी की टीम 251 रन ही बना पायी। जिसमें आर्यन पंवार ने 118 गेंदो पर 109 रन की पारी खेली। जबकि संदीप सिंह ने 35, शिवम सैनी ने 34 रन बनाए। एचसीसी की तरफ गेंदबाजी में अर्जुन चौधरी ने 3,विशाल सैनी ने 2,नवीन कुमार,अंशुल सिंह व जागृत ने 1-1 विकेट लिया। मैच में शतक बनाने और एक विकेट लेने वाले एचसीसी के बल्लेबाज अंशुल सिंह को उनके हरफनमौला खेल के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायरिंग राहुल गुप्ता, स्वतंत्र चौहान व स्कोरिंग अश्विनी कुमार ने की। इस अवसर पर इंद्रमोहन बड़थ्वाल,कुलदीप सिंह असवाल,चंद्रमोहन बड़थ्वाल, संजीव चौधरी,डा.विशाल गर्ग, अनिल पाल, धर्मवीर आदि उपस्थित रहे।