हरिद्वार: उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने भाजपा सरकार पर महिलाओं के खिलाफ हिंसा, बलात्कार और हत्या के मामलों में तेजी से वृद्धि का आरोप लगाया है, जिससे उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में पहले पायदान पर आ गया है। उन्होंने प्रेस क्लब सभागार, हरिद्वार में एक पत्रकार वार्ता में कहा कि इन अपराधों में सत्ताधारी भाजपा के पदाधिकारियों और दायित्वधारियों का संरक्षण मिल रहा है।
रौतेला ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और इनमें भाजपा पदाधिकारियों के नाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘महिला कांग्रेस अभियान’ चलाने की घोषणा की। रौतेला ने जून माह में सामने आए भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष के कारनामे का जिक्र करते हुए कहा कि इससे भाजपा के “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” नारे की पोल खुल गई है। उन्होंने एक सगी मां द्वारा अपनी 13 वर्षीय बेटी के साथ दुराचार करवाने के मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और इस महिला के सत्ता और पैसे के लिए अन्य लोगों से क्या-क्या करवाने की कल्पना करने को कहा।
उन्होंने राज्य में घटित प्रमुख हिंसा, बलात्कार, सामूहिक बलात्कार और हत्या के मामलों में भाजपा के अनेक प्रमुख पदाधिकारियों की संलिप्तता का भी उल्लेख किया। रौतेला ने अंकिता भंडारी कांड के आरोपियों को उम्रकैद की सजा मिलने का जिक्र करते हुए कहा कि इसका सारा परिवार आरएसएस और राज्य सरकार में दायित्वधारी रहा है।
ज्योति रौतेला ने कहा कि राज्यभर में महिलाओं में असुरक्षा की भावना घर कर गई है और हरिद्वार प्रकरण से पूरे प्रदेश की मातृशक्ति हतप्रभ है। उन्होंने भाजपा की इस महिला नेत्री के भाजपा के जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं से निकट संबंधों का हवाला देते हुए इस पूरे प्रकरण की गहन जांच की मांग की ताकि उसके अन्य अपराधों का भी पता चल सके।
उन्होंने बताया कि प्रदेश महिला कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेशभर में “भाजपा के दुराचारी नेताओं से बेटी बचाओ” का व्यापक अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक जनपद, विधानसभा क्षेत्रों और ब्लॉकों में भाजपा नेताओं की इन करतूतों का भंडाफोड़ किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, लता जोशी, अंजू मिश्रा, आयुषी टंडन, बिंदु, मनोज सैनी, पूनम भगत, मुरली मनोहर, रचना शर्मा, नलिनी दीक्षित सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
2025-06-09












