श्रीराम भक्त बालाजी प्रार्थना धाम में तीसरा वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया

Listen to this article

हरिद्वार: हरिद्वार के शिव विहार, आर्य नगर ज्वालापुर स्थित श्रीराम भक्त बालाजी प्रार्थना धाम मंदिर में मूर्ति स्थापना का तीसरा वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश की उन्नति और समृद्धि की कामना के लिए हवन, भण्डारा और सुन्दर कांड का भव्य आयोजन किया गया।
श्री राम भक्त बालाजी प्रार्थना धाम ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में ट्रस्ट के संस्थापक आर एस विश्वकर्मा (गुरुजी) ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री बालाजी मंदिर में केवल प्रार्थना करने मात्र से ही भक्तों के सभी कष्ट और रोग दूर हो जाते हैं, और उनके सभी मनोरथ कार्य सफल होते हैं। उन्होंने हवन के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि हवन से वातावरण में शुद्धता आती है, इसलिए इसका आयोजन अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर ओम प्रकाश ने कहा कि यह श्री बालाजी मंदिर नगर का एकमात्र ऐसा मंदिर है जो भक्तों के कष्टों का निवारण करता है। ट्रस्ट के सचिव कुशल पाल सिंह चौहान ने बताया कि मूर्ति स्थापना के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह भव्य कार्यक्रम भक्तों के संकट निवारण के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। ट्रस्ट अध्यक्ष राकेश मल्होत्रा ने सभी उपस्थित भक्तों को अपनी शुभकामनाएं दीं।
इस कार्यक्रम में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार गोयल, डॉ. केपीएस चौहान, पवन धीमान, प्रवीण चौहान, मुकेश जैन, मोतीलाल, वैभव दत्त, अविनाश कौशिक, विनीत चौहान, नरेंद्र ढल्ला, पंडित रमेश जूयाल, मास्टर दीपक चौहान, रामविलास कुशवाहा, गोपाल सिंह, सीमा चौहान एवं सुषमा चौहान सहित कई भक्तगण और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।