हरिद्वार, 09 जून 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद हरिद्वार में प्रशासनिक सुधारों के तहत बड़े पैमाने पर राजस्व कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि पारदर्शिता बढ़ाने, निष्पक्षता सुनिश्चित करने और प्रशासनिक दक्षता में सुधार के उद्देश्य से ये स्थानांतरण किए जा रहे हैं।
इस क्रम में, उत्तराखंड ट्रांसफर एक्ट का पालन करते हुए, लंबे समय से एक ही तहसील में तैनात 7 रजिस्ट्रार कानूनगो का तबादला किया गया है। इसके अतिरिक्त, 36 राजस्व उपनिरीक्षकों (पटवारियों) और लेखपालों को एक तहसील से दूसरी तहसील में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, 3 लेखपालों का तबादला उनके अनुरोध पर अन्य तहसीलों में किया गया है। सभी स्थानांतरित कर्मचारियों को तुरंत अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने का आदेश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया है कि अन्य विभागों के जिला-स्तरीय कर्मचारियों के तबादले की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाए, जिसमें लंबे समय से एक ही विकास खंड में तैनात ग्राम विकास अधिकारी (VDO) और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) जैसे कर्मचारियों के स्थानांतरण शामिल हैं।
2025-06-09













