क्राइम न्यूज़: हरिद्वार में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे बदमाश, STF ने दबोचा

Listen to this article

देहरादून: उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर इनामिया बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने हरिद्वार में एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 3 पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस, 1 तमंचा और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि रुड़की उपकारागार में बंद कुख्यात अपराधी विनीत शर्मा उर्फ चीनू पंडित, जिस पर हत्या और अपहरण सहित करीब 30 से अधिक जघन्य मामले दर्ज हैं, पैरोल पर बाहर आने वाला है। चीनू पंडित 2014 में रुड़की उपकारागार के बाहर हुए गैंगवार में अपने तीन साथियों की हत्या का बदला लेने की फिराक में था। खुफिया जानकारी मिली थी कि वह जेल से बाहर आकर अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर हरिद्वार में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है और इसके लिए शूटरों व हथियारों का इंतजाम किया जा रहा है।
इस सूचना पर एसटीएफ ने अपने सूचना तंत्र को सक्रिय किया और देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र से दो बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ जारी है।