उधारी मांगने पर महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Listen to this article

हरिद्वार: लक्सर में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतका सरोज ने आरोपी जसवीर को शेयर मार्केट में निवेश के लिए पैसे उधार दिए थे, जिसे आरोपी नुकसान के चलते चुका नहीं पा रहा था। बार-बार पैसे मांगने से परेशान होकर जसवीर ने सरोज की हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को हरिद्वार के बैरागी कैंप कनखल से गिरफ्तार कर लिया है, वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में था।
गत 07 जुलाई 2025 को संत नगर कॉलोनी में एक आम के बगीचे में ट्यूबवेल के पास एक अज्ञात महिला का शव मिला था। लक्सर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की, जिसकी पहचान सरोज पत्नी स्वर्गीय रामपाल, निवासी नई बस्ती शिवपुरी, कोतवाली लक्सर के रूप में हुई।
परिजनों से पूछताछ में मृतका की बेटी ने बताया कि सरोज 05 जुलाई 2025 को अपने उधार दिए पैसे वापस लेने के लिए जसवीर पुत्र नकली राम के पास गई थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। मृतका के पुत्र अमित कुमार ने कोतवाली लक्सर में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने घटना के सफल अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
एसपी देहात और सीओ लक्सर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। घटना के अनावरण के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गईं। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और मैनुअल जांच के आधार पर आरोपी की पहचान जसवीर के रूप में हुई। पुलिस ने जसवीर को बैरागी कैंप, कनखल से धर दबोचा। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए शहर छोड़ने की तैयारी में था, लेकिन हरिद्वार पुलिस ने उसे समय रहते पकड़ लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह शेयर मार्केट और कभी-कभी ट्रेडिंग में पैसा लगाता था। सरोज से उसकी जान पहचान एक परिचित के माध्यम से हुई थी। जब सरोज ने भी शेयर मार्केट में पैसा लगाने की बात कही, तो जसवीर ने उससे पैसे लेकर शेयर मार्केट में लगाए। शुरुआत में मुनाफा होने पर उसने सरोज को भी मुनाफे के पैसे दिए। इसके बाद सरोज ने उसे एक लाख रुपये उधार दिए, जिसे जसवीर ने शेयर मार्केट में लगाया, लेकिन वह डूब गए। सरोज उस पर पैसे वापस मांगने का लगातार दबाव बना रही थी, जिसके चलते उसने उसकी हत्या की योजना बनाई।