
हरिद्वार, 10 जुलाई 2025: हरिद्वार में आगामी कांवड़ मेला 2025 की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। आज पुलिस लाइन रोशनाबाद में नियुक्त पुलिस बल की एक वृहद ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता ADG अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुर्गेशन ने की। इस दौरान ADG अभिसूचना ए.पी. अंशुमान, IG यातायात एन.एस. नपच्याल, IG गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
मेले को 16 सुपर जोन, 37 जोन और 134 सेक्टर में विभाजित किया गया है, जिनकी जिम्मेदारी क्रमशः ASP, CO/इंस्पेक्टर और SHO/SO/SSI स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। अधिकारियों ने पिछली कांवड़ और वर्तमान चारधाम यात्रा में उमड़ी भीड़ को देखते हुए इस मेले को एक चुनौती के रूप में लेने और पूर्ण मनोयोग से कार्य करने पर जोर दिया। अफवाहों को फैलने से रोकने, असामाजिक तत्वों पर नज़र रखने, डीजे पर भड़काऊ गानों पर रोक लगाने और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के विशेष निर्देश दिए गए।
यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिसके लिए 24 घंटे निगरानी और अन्य राज्यों से भीड़ का आकलन लेने के निर्देश दिए गए। हरकी पैड़ी पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए संबंधित जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। मानसून को देखते हुए पुलिसकर्मियों को टॉर्च, रेनकोट और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए ORS रखने की सलाह दी गई।
मेले की सुरक्षा के लिए एसपी सिटी कांवड़ मेला को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि एसपी देहात और एसपी ट्रैफिक को क्रमशः देहात और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। संपूर्ण मेला क्षेत्र की निगरानी 11 ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से की जाएगी। स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) भी सुरक्षा में सहयोग देंगे। सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं और पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए अलग से टीम नियुक्त की गई है। बीडीएस/डॉग स्क्वाड की 04 टीमें 24 घंटे सक्रिय रहेंगी।
पुलिस बल के लिए 12 घंटे की ड्यूटी अवधि निर्धारित की गई है, जिसमें कर्मचारियों को अपने जोनल/सेक्टर अधिकारियों के मोबाइल नंबर रखने और किसी भी घटना की तुरंत जानकारी देने को कहा गया है। हरकी पैड़ी क्षेत्र में निजी और सरकारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी और संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग अनिवार्य की गई है। मांस की दुकानें हटाने, पुलों पर अतिक्रमण रोकने और नदी में छलांग लगाने वालों को रोकने के भी निर्देश दिए गए हैं। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान नम्रता और दृढ़ता का परिचय देने को कहा गया है।
कांवड़ मेला 2025 में कुल 1 पुलिस अधीक्षक, 1 सहायक पुलिस अधीक्षक, 14 अपर पुलिस अधीक्षक, 28 पुलिस उपाधीक्षक, 57 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 370 उपनिरीक्षक/सहायक उपनिरीक्षक, 1146 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल सहित भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी, आईआरबी, केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, होमगार्ड, पीआरडी, और विशेष पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, फायर सर्विस, जल पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, क्यूआरटी, घुड़सवार पुलिस, एटीएस और बीडीएस/स्वान दल की टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल होंगी।














