नकली दवाओं के रैकेट का भंडाफोड़: देहरादून में फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार

Listen to this article

देहरादून: उत्तराखंड एसटीएफ ने ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाएं बनाने और बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए, आज इस मामले में फरार चल रहे फैक्ट्री मालिक देवी दयाल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी के साथ ही एसटीएफ इस गिरोह के सरगना समेत कुल चार सदस्यों को दबोच चुकी है।
यह गिरोह नकली दवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों के रैपर में पैक कर उत्तर भारत के विभिन्न शहरों में सप्लाई करता था। एसटीएफ एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि आरोपी देवी दयाल गुप्ता अपनी फैक्ट्री और एक लैब से भारी मात्रा में नकली दवाएं बनाकर नवीन बंसल को देता था। नवीन बंसल इन दवाओं को हरियाणा और राजस्थान सहित कई राज्यों में भेजता था। पूछताछ में सामने आया है कि 2021 से 2025 के बीच गुप्ता ने अवैध तरीके से लगभग 1 करोड़ 42 लाख 30 हजार टैबलेट्स और 2 लाख कैप्सूल नवीन बंसल को उपलब्ध कराए।
इस मामले में पहली गिरफ्तारी 1 जून को हुई थी, जब संतोष कुमार को नकली आउटर बॉक्स, लेबल और क्यूआर कोड के साथ पकड़ा गया था। उसके बाद नवीन बंसल और आदित्य काला को भी गिरफ्तार किया गया था। इस संगठित अपराध में देवी दयाल गुप्ता की संलिप्तता पाई गई है।