
मलेशिया से आए अधिकारियों का एक दल राष्ट्रीय सुशासन केंद्र भारत सरकार के तत्वावधान में हरिद्वार पहुंचा। विकास भवन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे और अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर, अधिकारियों ने प्रशिक्षुओं को भारतीय प्रशासनिक व्यवस्थाओं, जन कल्याण योजनाओं, और विकास कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। विशेष रूप से, उन्हें हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक विशिष्टताओं, जैसे गंगा आरती, कुंभ मेला और कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन की चुनौतियों से भी अवगत कराया गया।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र चौधरी ने पुलिस व्यवस्था और कानून व्यवस्था पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंत में, मलेशियाई दल के लीडर मोहम्मद खैरुल रिजाल ने आभार व्यक्त करते हुए अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह भेंट किया।













