उत्तराखंड के रुड़की में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में लगी गोली

Listen to this article

​रुड़की: गंगनहर कोतवाली पुलिस सालियर से पनियाला जाने वाले रास्ते पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बुलेट सवार युवक को देखकर पुलिस को शक हुआ और उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही युवक ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बदमाश का पीछा किया और वायरलेस सेट पर इसकी जानकारी दे दी।

​सूचना मिलते ही आसपास के थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची और सालियर बाईपास पर बदमाश को घेर लिया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन बदमाश ने फिर से पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया।

​घायल बदमाश को पुलिस ने तुरंत रुड़की के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। पुलिस ने बदमाश के पास से बुलेट और अवैध हथियार बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि बदमाश के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।