देहरादून: उत्तराखंड में नर्सिंग महासंघ के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अंकित भट्ट को सर्वसम्मति से चुना गया है। देहरादून के होटल भागीरथी पैलेस में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर अंकित भट्ट ने पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ नर्सिंग समुदाय के हितों के लिए काम करने का वादा किया।
इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के कई नर्सिंग अधिकारी शामिल हुए। सभी ने मिलकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और संगठन के पूर्व अध्यक्ष हरिकृष्ण विजल्वाण का, पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
संगठन की पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अंकित भट्ट को अध्यक्ष, अनिल रमोला को सचिव, मेधा मधवाल को उपाध्यक्ष और सुनील दत्त को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व अध्यक्ष मीनाक्षी ममगाईं को उनके शानदार कार्यकाल के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अंकित भट्ट ने कहा कि वह पूरी लगन और कर्मठता के साथ अपने पद की गरिमा बनाए रखेंगे। कार्यक्रम का संचालन नर्सिंग अधिकारी विकास पुंडीर ने किया, जिसमें कई अन्य वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी भी उपस्थित थे।













