हरिद्वार: बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने सोमवार को खानपुर विधायक उमेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने उन पर गौ तस्करों का समर्थन करने और हिंदू संगठनों पर गलत आरोप लगाने का आरोप लगाया। यह प्रदर्शन हरिद्वार के चंद्राचार्य चौक और लक्सर के बालावाली चौक पर किया गया।
बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने कहा कि विधायक उमेश कुमार गौ हत्यारों को बचाने का काम कर रहे हैं। हाल ही में लक्सर के बालावाली में गौमांस ले जा रही एक संदिग्ध गाड़ी को छुड़ाने की घटना में भी उनका नाम सामने आया है। बजरंग दल के प्रांत सह-संयोजक सौरभ चौहान ने कहा कि हिंदू समाज ऐसे लोगों को माफ नहीं करेगा जो गौ तस्करों का समर्थन करते हैं।
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री जीवेंद्र तोमर ने चेतावनी दी कि अगर विधायक उमेश कुमार अपने बयानों पर सार्वजनिक माफी नहीं मांगते हैं, तो यह आंदोलन और बड़ा होगा। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि विधायक को अपराधियों का साथ देना बंद करना चाहिए और समाज में शांति बनाए रखनी चाहिए।














