प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर गंगा अभिषेक और विशेष पूजा

हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर हरिद्वार में दो अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राज्यमंत्री सुनील सैनी ने प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना करते हुए गंगा नदी में दुग्धाभिषेक किया। उन्होंने मोक्षदायिनी मां गंगा से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन और नेतृत्व देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाता रहे। इस अवसर पर कनखल मंडल में ‘सेवा सप्ताह’ के तहत स्वच्छता अभियान और पौधारोपण भी किया गया, जिसमें हरिद्वार विधायक मदन कौशिक सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मां मनसा देवी मंदिर में विशेष पूजा

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मां मनसा देवी मंदिर में विशेष पूजा की और श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में लड्डू बांटे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को विश्व का एक श्रेष्ठ और प्रभावशाली नेता बताया। श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जैसे अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का विस्तार और धारा 370 को हटाना। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और यशस्वी जीवन की कामना की। इस दौरान ट्रस्टी महंत राजगिरि महाराज और अन्य सदस्य उपस्थित थे।
खंडहर में जुआ खेलते 7 जुआरी गिरफ्तार, 59,000 रुपये बरामद

हरिद्वार: सिडकुल थाना पुलिस ने ब्रह्मपुरी क्षेत्र में एक खंडहरनुमा मकान में चल रहे जुए के अड्डे पर छापा मारकर 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बीबीए का छात्र भी शामिल है। पुलिस ने मौके से 59,000 रुपये और ताश की एक गड्डी बरामद की है। सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि केटीसी बिल्डिंग के पास एक बंद पड़े खंडहर में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजन (निवासी शिवालिक नगर), विजय (निवासी सहारनपुर), आकाश (निवासी बाल्मीकि बस्ती, रामधाम कॉलोनी), टीकम (निवासी गागलहेड़ी, सहारनपुर), आस मोहम्मद (निवासी गढ़ मीरपुर, रानीपुर), शुभम (निवासी गदरजुड़ा, मंगलौर) और विपिन (निवासी रावली महदूद) के रूप में हुई है।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम ने चलाया विशेष सफाई अभियान
हरिद्वार। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत नगर निगम ने विभिन्न वार्डो में जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान चलाया। वार्ड 19 में विधायक मदन कौशिक एवं मेयर किरण जैसल के नेतृत्व में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।सफाई अभियान में क्षेत्रवासी भी शामिल हुए और गली, मौहल्लों,सार्वजनिक स्थलों एव नालियों की सफाई की।इसके पूर्व नगर निगम परिसर में मेयर किरण जैसल ने निगम कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलायी। इस दौरान मेयर ने सभी को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दी और विश्वकर्मा पूजा एवं भंडारे का आयोजन किया गया।बीती रात हुई तेज बारिश से शहर के कई हिस्सों में मलबा जमा होने पर नगर निगम की टीमों ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मलबा हटाया। भूपतवाला क्षेत्र में नगर आयुक्त नंदन कुमार ने टीम के साथ स्वयं मौजूद रहकर मलबा हटवाया। क्षेत्रवासियों की मांग,विधायक मदन कौशिक के निर्देश पर निगम द्वारा तत्काल ही संबंधित स्थल पर नाले के निर्माण हेतु इस्टीमेट तैयार कर कार्यवाही शुरू की गयी।














