आपदा ग्रस्त क्षेत्रों का सर्वेक्षण और मानसून की क्षति का आकलन
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा गठित सर्वेक्षण टीम ने, जिसमें CBRI के चीफ साइंटिस्ट डॉ. अजय चौरसिया शामिल थे, हरिद्वार जनपद में मानसून के दौरान आई बाढ़ और आपदा से हुई वास्तविक क्षति का आकलन करने के लिए दौरा किया। टीम ने जिला आपदा कार्यालय सभागार में बैठक की और आपदा प्रभावित तथा भूस्खलन क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
HRDA सचिव मनीष कुमार सिंह ने एक पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मानसून काल में हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. चौरसिया ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने और भविष्य में बाढ़ व नुकसान को रोकने के लिए प्रभावी कार्य योजना बनाकर भारत सरकार को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग को बाढ़ एवं भू-कटाव को रोकने के लिए लॉन्ग टर्म स्थायी समाधान करने तथा वॉश आउट हुई सड़कों के लिए भी स्थायी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। टीम ने भीमगोड़ा पुल के पास रेलवे ट्रैक पर मलबा गिरने वाले स्थल और मनसा देवी क्षेत्र के भूस्खलन संभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया।
दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन (ICAAS T-2025) का समापन

देहरादून/हरिद्वार।शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून में एडवांसेज इन एप्लाइड साइंसेस एवं टेक्नोलॉजी पर दो दिवसीय प्रथम अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन (ICAAS T-2025) संपन्न हुआ। समापन समारोह में बीर माधो सिंह भंडारी तकनीकी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार, प्रोफेसर डॉ. राजेश उपाध्याय मुख्य अतिथि थे।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी की उन्नत सीमाओं को उजागर करके वैज्ञानिक प्रतिभा को पोषित करना और शिक्षा, शोधार्थियों, विशेषज्ञों व उद्योग जगत को एक साझा मंच प्रदान करना है। दूसरे दिन एशियन इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (थाईलैंड) के प्रोफेसर डॉ. जय गोविंद सिंह और मलेशिया के प्रोफेसर हसमत मलिक जैसे मुख्य वक्ताओं ने नवाचारों पर जानकारी दी। सम्मेलन में मलेशिया, थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया, मिस्र, बांग्लादेश सहित भारत के 15 से अधिक राज्यों के विशेषज्ञों और शोधार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर बेस्ट पेपर अवार्ड भी प्रदान किए गए।
सिडकुल पुलिस ने बरामद किए 70 गुमशुदा मोबाइल फोन, मालिकों को सौंपे:

हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने ऑपरेशन रिकवरी के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 लाख 68 हजार रुपये कीमत के 70 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ये फोन CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने रिकवर किए।
बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए गए। फोन वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
भगत सिंह की जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने शहीदे आजम भगत सिंह की 119वीं जयंती के अवसर पर 23 मार्च पार्क स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और अन्य नेताओं ने कहा कि भगत सिंह की शहादत से जुल्म और अन्याय का डटकर मुकाबला करने का संकल्प लेना चाहिए। वक्ताओं ने उनके इंकलाब के नारे और शोषण विहीन समाज तथा समाजवादी गणराज्य की कल्पना पर प्रकाश डाला।
उत्तराखंड में त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर सख्ती, विशेष अभियान जारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेशभर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) विभाग का विशेष अभियान जारी है। स्वास्थ्य सचिव एवं आयुक्त FDA डॉ. आर. राजेश कुमार ने शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए लापरवाहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अभियान के दौरान कुमाऊँ मण्डल में लगभग 200 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए और 100 किलो से अधिक अनुचित खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। 252 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विधिक कार्रवाई की गई।
गढ़वाल मण्डल में भी बड़े पैमाने पर निरीक्षण और सैंपलिंग की गई। भगवानपुर ब्लॉक के नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में एक छापामार कार्रवाई के दौरान एक कारोबारी ने मिल्क पाउडर, वनस्पति तेल और पनीर जमाने के लिए एसिड का प्रयोग करना कबूल किया। संदेह के आधार पर पनीर और दूध के नमूने लैब जांच हेतु भेजे गए हैं। डॉ. कुमार ने कहा कि मिलावटखोरों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
विश्व हृदय दिवस पर मैक्स हॉस्पिटल ने ‘दिल से रन’ वॉकथॉन से बढ़ाई जागरूकता

देहरादून। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर, मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ने 28 सितंबर को दिल की बीमारियों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए “दिल से रन” नामक एक फिटनेस वॉकथॉन का आयोजन किया। इसमें देहरादून और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मैक्स हॉस्पिटल के हृदय रोग विशेषज्ञों, जिनमें डॉ. अरविंद मक्कर, डॉ. प्रीति शर्मा, डॉ. योगेन्द्र सिंह और डॉ. पुनीश सदाना शामिल थे, ने की। डॉक्टरों ने लोगों को बताया कि रोज़मर्रा की ज़िंदगी में छोटे-छोटे बदलाव, जैसे- नियमित वॉक/व्यायाम, संतुलित भोजन, तनाव से दूरी, और समय-समय पर हेल्थ चेकअप, करके दिल की बीमारियों से बचा जा सकता है। सुबह 5:30 बजे शुरू हुई इस पहल में 4 किलोमीटर की फन रन और जुम्बा डांस शामिल था, जिसने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।











