उत्तराखंड संक्षिप्त:  आज दिन भर की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

रामलीला मंचन: “राम राज्य उत्पात से नहीं, किरदार से ही लाया जा सकता है”

​हरिद्वार के टिहरी विस्थापित सुमननगर में आयोजित श्रीरामलीला का शुभारंभ लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र रावत और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफ़ाक अली ने संयुक्त रूप से किया।

वीरेंद्र रावत ने कहा कि श्रीराम हमारे आदर्श हैं, जिन्होंने अपने जीवन में सच्चाई, त्याग और तपस्या का संदेश दिया।

राव आफ़ाक अली ने कहा कि सड़कों पर उत्पात मचाकर जय श्रीराम के नारे लगाने वाले लोग उनके अनुयायी नहीं हो सकते। उन्होंने जोर दिया कि उनके जीवन और किरदार को ऐसे जीना चाहिए कि लोग खुद ही ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाएं। उन्होंने शबरी के झूठे बेर खाने का उदाहरण देते हुए श्रीराम द्वारा छुआछूत और भेदभाव को समाप्त करने के संदेश पर प्रकाश डाला और कहा कि “राम राज्य” की कामना हर धर्म और जाति के लोग करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो अपने मुल्क से मोहब्बत नहीं करता, वह सच्चा मुसलमान नहीं हो सकता।

​नगर निगम ने निकाली ‘स्वच्छता जागरूकता रैली’

स्वच्छ भारत मिशन के तहत, हरिद्वार नगर निगम ने आईटीसी के सहयोग से ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया।

​नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में निकाली गई रैली का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छता बनाए रखने, कचरे को गीले और सूखे रूप में अलग करने और उसका वैज्ञानिक निस्तारण करने के लिए प्रेरित करना था। रैली के साथ ही निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाया, जिसमें लगभग 500 किलोग्राम अपशिष्ट एकत्र किया गया, जिसे निस्तारण के लिए प्रबंधन संयंत्र में भेजा गया।

​नगर आयुक्त ने प्रत्येक नागरिक से अपने घर और आस-पास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की अपील की और कहा कि सभी के सहयोग से ही हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।

​पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी पति गिरफ्तार

कोतवाली रानीपुर पुलिस ने अपनी पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति घनश्याम को गिरफ्तार कर लिया है।

​लेबर कॉलोनी में रविवार रात आरोपी ने नशे की हालत में लोहे की रॉड से वार कर अपनी पत्नी मंजू देवी (40 वर्ष) की हत्या कर दी थी। चिकित्सकों ने मंजू देवी को मृत घोषित कर दिया था। महिला के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी घनश्याम पुत्र रतिराम को भेल सेक्टर-5 स्टेडियम के पास से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में उसने पत्नी से विवाद के बाद नशे में हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

भगवान राम ने भी की थी मां दुर्गा की आराधना: श्रीमहंत रविंद्रपुरी

हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने दुर्गा अष्टमी के अवसर पर भक्तों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि भगवान राम ने भी रावण पर विजय प्राप्त करने के लिए रामेश्वरम में नौ दिनों तक माता दुर्गा की आराधना की थी, जिसके बाद विजयदशमी मनाई गई।

​उन्होंने कहा कि नवरात्रि बुराई पर अच्छाई की जीत और शक्ति तथा सामर्थ्य की प्रतीक देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजा का पर्व है। श्रीमहंत ने कहा कि नवरात्रि का व्रत और उपवास करने से चेतना का जागरण होता है और काम, क्रोध, लोभ, मोह जैसे विकार नष्ट होते हैं। उन्होंने भक्तों से तन और मन से शुद्ध होकर पूर्ण विधि-विधान से आराधना करने का आग्रह किया, जिससे देवी भगवती प्रसन्न होकर उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करें।

महाअष्टमी चेतना का आह्वान, नारी में आदिशक्ति का दर्शन: स्वामी चिदानन्द सरस्वती

ऋषिकेश। नवरात्रि के अवसर पर परमार्थ निकेतन में तीन दिवसीय योग गरबा रिट्रीट का आयोजन हुआ, जिसमें भारतीय और विदेशी मेहमानों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों और भक्ति गीतों के साथ सामूहिक नृत्य कर उत्सव मनाया।

महाअष्टमी के विशेष यज्ञ के अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती ने विश्व शांति की प्रार्थना की। स्वामी जी ने कहा कि नवरात्रि शक्ति, भक्ति और नारी की दिव्यता के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महाअष्टमी पर होने वाला कन्या पूजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह नारी शक्ति के गौरव और सम्मान का प्रतीक है। कन्याओं में उस आदिशक्ति का दर्शन किया जाता है जिसने समस्त ब्रह्मांड को जन्म दिया। उन्होंने कहा कि यह उत्सव नारी की भूमिका को राष्ट्र, समाज और संस्कृति की धुरी के रूप में स्थापित करता है।