हरिद्वार संक्षिप्त समाचार:  हरिद्वार जनपद की आज की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

नशा तस्कर गिरफ्तार, 30 ग्राम स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद

हरिद्वार। थाना बहादराबाद पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी, रहमान पुत्र इरशाद, के कब्जे से 30 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ है। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज किया गया है। एसएसपी के निर्देश पर बहादराबाद पुलिस की यह कार्रवाई लगातार जारी है; पिछले एक माह में 4 नशा तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं।

(पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा, एसएसआई नितिन बिष्ट, कस्बा चौकी प्रभारी अमित नौटियाल, कांस्टेबल अंकित व अवनेश राणा शामिल रहे।)

सीजेआई पर जूता फेंकने के प्रयास पर कड़ी कार्रवाई की मांग

हरिद्वार। डॉ. भीमराव अंबेडकर अनुसूचित जाति, जनजाति वेलफेयर सोसाइटी ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जे.आर. गवई पर जूता फेंकने के प्रयास की कड़ी निंदा करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया। सोसाइटी के अध्यक्ष भोपाल सिंह ने इस घटना को न्यायालय की अवमानना और भारतीय न्यायपालिका की गरिमा पर सीधा आघात बताया। महासचिव चंद्रपाल सिंह और कोषाध्यक्ष देवेंद्र भास्कर ने आरोपी अधिवक्ता राकेश किशोर पर कठोरतम दंड दिलाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है, ताकि भारतीय संविधान की गरिमा की रक्षा हो सके।

व्यवसायी पर लाठी-डंडों से हमला और मारपीट, सीसीटीवी फुटेज वायरल

हरिद्वार। खन्नानगर निवासी व्यवसायी आशीष कुमार गुप्ता पर वीरवार सुबह लगभग 11:30 बजे दो युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। बीच-बचाव करने आए उनके पुत्र के साथ भी मारपीट की गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। मामला लेनदेन से संबंधित बताया जा रहा है। आशीष गुप्ता ने सिडकुल के एक फैक्ट्री मालिक पर हमला कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। उन्होंने जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है, क्योंकि फैक्ट्री मालिक निर्माण कार्य के पैसे नहीं दे रहा और पैसे मांगने पर उन्हें परेशान किया जा रहा है।

एसएमजेएन कॉलेज में छात्रों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत दवा वितरित

हरिद्वार। एसएमजेएन कॉलेज में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल की दवा वितरित की गई। कॉलेज प्रबंध समिति एवं अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी इस दौरान मौजूद रहे। उन्होंने इसे सामुदायिक स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण अभियान बताया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि कृमि पोषक तत्वों के अवशोषण में बाधा डालकर एनीमिया और कुपोषण जैसी समस्याएँ पैदा करते हैं। कॉलेज के चिकित्सक डॉ. प्रदीप त्यागी ने दवा और कृमि मुक्ति कार्यक्रम के विषय में विस्तार से जानकारी दी।

फैक्ट्री कर्मचारी का मोबाइल छीनने वाले दो झपटमार गिरफ्तार

हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने एक फैक्ट्री कर्मचारी का मोबाइल फोन छीनकर फरार हुए दो झपटमारों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्रियांशु (निवासी टीन मार्केट, रावली महदूद) और दीपांशु (निवासी खतौली, मुज़फ्फरनगर, हाल निवासी रावली महदूद) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। 7 अक्टूबर को सिडकुल की कंपनी में काम करने वाले पुरुषोत्तम पांडे ने मोबाइल छीनने की तहरीर दी थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काला गेट के पास से दबोचा।

(पुलिस टीम में एसआई शैलेन्द्र ममगई, हेडकांस्टेबल संजय सिंह व कांस्टेबल मनीष शामिल रहे।)