हरिद्वार संक्षिप्त:  आज दिनभर की हरिद्वार की घटनाओं पर आधारित खबरें, यहां देखें

Listen to this article

पतंजलि गुरुकुलम् का आठवां वार्षिकोत्सव संपन्न

हरिद्वार। भारतीय शिक्षा बोर्ड के तहत संचालित पतंजलि गुरुकुलम् का आठवां वार्षिकोत्सव पतंजलि विश्वविद्यालय स्थित सभागार में शीर्ष संतों के मध्य सम्पन्न हुआ।

​पतंजलि योगपीठ के परमाध्यक्ष स्वामी रामदेव ने कहा कि पतंजलि गुरुकुलम् प्राचीन ऋषि परंपरा का अनुसरण कर विद्यार्थियों को विश्व नेतृत्व के लिए तैयार कर रहा है। उन्होंने बताया कि गुरुकुलम् में तीन से पांच साल के बच्चों से लेकर 12वीं कक्षा तक देश के लगभग सभी प्रांतों के बच्चे अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि पतंजलि गुरुकुलम् के आचार्यगण विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

​जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज ने इसे भारत की कालजयी संस्कृति, आर्ष परंपरा और वैदिक संवेदनाओं के संरक्षण-संवर्धन की अद्भुत प्रयोगशाला बताया। आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि पतंजलि गुरुकुलम् से भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को बल मिला है। परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि ने कहा कि भावी पीढ़ियों में शाश्वत सत्यों को उद्घाटित करने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में शैक्षणिक, क्रीड़ा तथा शास्त्र प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरुस्कृत किया गया। गुरुकुल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां भी दीं। इस अवसर पर साध्वी भगवती, डॉ. एन.पी. सिंह सहित अनेक संत और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

चैंकिग के दौरान चाकू समेत एक संदिग्ध गिरफ्तार

हरिद्वार। एसएसपी के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना श्यामपुर पुलिस ने चाकू के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

​थाना श्यामपुर पुलिस टीम ने सेल टैक्स ऑफिस श्यामपुर के पास चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध लगने पर रोका और तलाशी ली, तो उसके कब्जे से एक चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम रियाल पुत्र शमशाद, निवासी कस्बा छुटमलपुर मुस्लिम कॉलोनी, जिला सहारनपुर (उ.प्र.) बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम में हेडकांस्टेबल बृजमोहन सिंह और कांस्टेबल संदीप सिंह पुण्डीर शामिल रहे।

डोर बेल बजाने से गुस्साए बुजुर्ग ने बच्चे के सिर पर ईंट मारी

हरिद्वार। बच्चों द्वारा डोर बेल बजाए जाने से गुस्साए एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने 10 साल के बच्चे के सिर पर ईंट मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बुजुर्ग की यह करतूत सीसीटीवी में भी कैद हुई है।

​यह घटना ज्वालापुर कोतवाली इलाके की पॉश कॉलोनी नंदपुरी की है। बताया गया है कि कुछ बच्चे खेल रहे थे और उन्होंने एक शख्स के घर की डोर बेल बजाई और भाग गए। इसके बाद 70 वर्षीय रोशन मल्होत्रा नाम का शख्स डंडा लेकर बच्चों के पीछे दौड़ा और एक घर के बाहर डोर बेल बजाई। जैसे ही बच्चा गेट खोलने के लिए अंदर आया, बुजुर्ग ने बाहर से ईंट अंदर फेंक दी जो सीधी बच्चे के सिर पर लगी। ईंट लगने से बच्चा लहूलुहान हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल बच्चे के परिजनों ने पुलिस को आरोपी के खिलाफ शिकायत दी है।

ज्वालापुर में आवारा पशुओं का आतंक, वाहन चालकों को भारी दिक्कत

हरिद्वार। उपनगरी ज्वालापुर के मुख्य सड़कों और बाजारों में आवारा पशुओं की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जटवाड़ा पुल चौक, बाजार कटहरा, गुरुद्वारा रोड, पीठ बाजार जैसे क्षेत्रों में आवारा पशुओं की चहलकदमी आम हो गई है, जिससे वाहन चालकों, दुकानदारों और विक्रेताओं को भारी परेशानी हो रही है।

​स्थानीय लोगों का कहना है कि इन पशुओं के कारण सड़कों पर कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। बच्चे, बुजुर्ग और आम नागरिक इनसे डरते रहते हैं, और पशुओं के आपस में भिड़ जाने से स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि इस समस्या का समाधान निकालने के लिए अभियान चलाया जाए और आवारा पशुओं को चिन्हित कर नियत स्थान पर छोड़ा जाए। साथ ही, वे आवारा पशुओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए कांजी हाउस की भी मांग कर रहे हैं। आवारा पशुओं द्वारा सड़कों पर गंदगी करना भी एक बड़ी समस्या है।