हरिद्वार में विवाहिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के मामले में राज्य महिला आयोग ने लिया संज्ञान; सख्त कार्रवाई के निर्देश

Listen to this article


​हरिद्वार जनपद के रोशनाबाद गाँव में विवाहिता भारती को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष द्वारा पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के निंदनीय मामले में उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कड़ा संज्ञान लिया है।

​भारती की शादी एक साल पहले अक्टूबर 2024 को आशीष कुमार से हुई थी। शिकायत के अनुसार, शुरुआती महीनों के बाद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा, और 24 सितम्बर 2025 को बेटी के जन्म के बाद अत्याचार और बढ़ गए।

​11 अक्टूबर 2025 को पति आशीष कुमार, ससुर विजय पाल और सास, ननद तथा जेठ ने मिलकर भारती को कथित रूप से पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया, जिससे वह 80\% तक झुलस गई और गंभीर अवस्था में एम्स ऋषिकेश में भर्ती है।

​आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल को तुरंत और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस घटना को निंदनीय और मानवता को झकझोरने वाली बताते हुए कहा कि दोषियों को कठोरतम सजा दिलाई जाएगी। एसओ सिडकुल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की उच्चस्तरीय जांच जारी है।