उज्जैन: आगामी सिंहस्थ कुम्भ 2028 की तैयारियों के सिलसिले में, सिंहस्थ कुम्भ मेलाधिकारी और मण्डलायुक्त आशीष सिंह, जिलाधिकारी उज्जैन रौशन सिंह और उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी ने कनखल स्थित श्री हरिहर आश्रम में जूनापीठाधीश्वर आचार्यमहामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी से शिष्टाचार भेंट की।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर, अधिकारियों ने सिंहस्थ कुम्भ 2028 की रूपरेखा, आयोजन-प्रबंधन, और आध्यात्मिक समन्वय जैसे विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी ने इस विराट आयोजन को संस्कृति, साधना और समरसता के अद्भुत संगम के रूप में प्रतिष्ठित करने के लिए अपनी शुभकामनाएँ दीं।
अधिकारियों ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष और निरंजनी अखाड़ा के महासचिव श्री महंत रवीन्द्र पुरी और निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशनंद जी से भी भेंट कर विचारों का आदान-प्रदान किया। इस दौरान मेला प्रतिष्ठान के विकास शर्मा भी उपस्थित रहे।













