हरिद्वार से आज के प्रमुख समाचार, यहां देखें

Listen to this article

आश्रम से नकदी और आभूषण लेकर कोठारी फरार: मुकदमा दर्ज

हरिद्वार के जगजीतपुर स्थित महामृत्युंजय मठ में चोरी का मामला सामने आया है। जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी यमुना पुरी महाराज ने आश्रम के कोठारी वैराग्य पुरी (पूर्व नाम: विकास सिंघल) पर ₹28 लाख नकद, रुद्राक्ष जड़ित सोने की चेन और चांदी की कटोरियां चोरी कर फरार होने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। वैराग्य पुरी को 2009 में सन्यास दीक्षा दी गई थी और वह आश्रम के लेन-देन समेत सारी जिम्मेदारी संभालता था। एक सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बैरागी कैंप की ओर जाता दिख रहा है।

शांतिकुंज में युवा जागरण शिविर: चरित्र निर्माण पर जोर

गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में दो दिवसीय युवा जागरण शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें देश भर से सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल कैरियर नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण ही सच्ची सफलता का मूल है। केन्द्रीय युवा प्रकोष्ठ के समन्वयक के.पी. दुबे ने युवाओं से व्यक्तित्व और विचारों में श्रेष्ठता लाकर समाज निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया।

नशीले कैप्सूल समेत दो आरोपी गिरफ्तार

मिशन ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत लक्सर पुलिस ने मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे का व्यापार कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 168 नशीले कैप्सूल, ₹1,000 नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान समीर अली (दौड़बसी नसीरपुर) और आरिफ (सुल्तानपुर, लक्सर) के रूप में हुई है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर वार्ड’ अभियान का शुभारंभ

मेयर किरण जैसल ने वार्ड 44 त्रिमूर्ति नगर की आनंद विहार कॉलोनी में ‘स्वच्छ वार्ड, स्वस्थ एवं सुंदर वार्ड’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना तथा स्थानीय निवासियों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। मेयर ने कहा कि यह अभियान नगर निगम के 60 वार्डों में शुरू किया जाएगा। पार्षद अहसान अंसारी ने वार्ड 44 को आदर्श वार्ड के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया और जनता से साफ-सफाई में सहयोग करने की अपील की।