हरिद्वार, 13 अक्टूबर 2025
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अनूठी पहल के तहत, सरकारी विद्यालयों की पाँच छात्राओं को एक दिन के लिए प्रशासनिक अधिकारी बनाया गया।
सोमवार को, इन चयनित बालिकाओं ने जिला कार्यालय पहुँचकर जनसुनवाई में फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने सरल समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं संबंधित विभागों को निर्देश दिए और जटिल मामलों पर जिलाधिकारी से विचार-विमर्श किया।
इस अनुभव के बाद, बालिकाओं ने इसे जीवन का एक अद्भुत क्षण बताया और कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस अनुभव को साझा करेंगी तथा बालिका शिक्षा और लैंगिक समानता के लिए लोगों को प्रेरित करेंगी।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराना और उनके शिक्षा व करियर के प्रति जागरूकता पैदा करना है। यह कार्य रिलैक्सो कंपनी के सहयोग से संचालित किया गया।
एक दिन की प्रशासनिक अधिकारी बनी बेटियाँ:
- शीतल, कक्षा 8, जेनरल शाहनवाज राजकीय उच्चतम विद्यालय ऐथल।
- तनीषा, कक्षा 8, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बुक्कनपुर, लक्सर।
- ईशा गोयल, कक्षा 11, नेशनल कन्या इंटर कॉलेज खानपुर।
- तमन्ना, कक्षा 9, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अकबरपुर उर्द।
- अंशिका, कक्षा 12, अटल उत्कर्ष राजकीय इंटर कॉलेज, मुण्डाखेडा कलां।













