पूर्व सैनिक देवभूमि विशाल रैली में विंग कमांडर डॉ. सरिता पंवार (से.नि.) सम्मानित

Listen to this article

देहरादून, 13 अक्टूबर 2025

उत्तराखंड सब एरिया मुख्यालय द्वारा अक्टूबर 2025 को देहरादून स्थित गढ़ी कैंट के ‘जसवन्त सिंह मैदान’ में आयोजित ‘पूर्व सैनिक देवभूमि विशाल रैली’ में जनपद हरिद्वार की विंग कमांडर डॉ. सरिता पंवार (से.नि.) को सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

हरिद्वार की पहली महिला सैनिक कल्याण अधिकारी को सम्मान

​विंग कमांडर डॉ. सरिता पंवार (से.नि.) वर्तमान में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, हरिद्वार के पद पर कार्यरत हैं, और वह उत्तराखंड की पहली महिला सैनिक कल्याण अधिकारी हैं।

​सम्मान प्राप्त करने के बाद विंग कमांडर डॉ. सरिता पंवार ने कहा कि, “यह सम्मान मेरे शहीद पति की स्मृति, वीरता और देश के प्रति समर्पण को समर्पित है। यह मेरे लिए गर्व और प्रेरणा दोनों है कि मैं उनके आदर्शों के मार्ग पर सैनिक परिवारों और समाज की सेवा करते हुए उनकी विरासत को आगे बढ़ा रही हूँ।”

राज्यपाल ने किया सैनिकों के योगदान का स्मरण

​माननीय राज्यपाल ने अपने संबोधन में शहीद सैनिकों और पूर्व सैनिकों के देश के प्रति दिए गए बलिदान, त्याग, साहस और अनुशासन को याद किया। उन्होंने देश के विकास में अहम भूमिका निभाने के लिए पूर्व सैनिकों को प्रेरित किया और सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा भी की।

​रैली में माननीय सैनिक कल्याण मंत्री, उत्तराखंड सरकार, और सेना के वरिष्ठ सेवारत सैन्य अधिकारियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।