कोटद्वार: सात साल के अंतराल के बाद कोटद्वार में ‘उद्योग मित्र’ की बैठक का सफल आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय उद्योग प्रतिनिधियों और व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक में जिलाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों ने उद्योग विभाग के साथ मिलकर एक मित्रवत वातावरण में प्रतिभागियों के सुझावों को गंभीरता से सुना। इस संवाद ने व्यापारी समुदाय में उत्साह और सकारात्मकता का माहौल पैदा किया।
उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने इस पहल के लिए जिलाधिकारी और विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद से न केवल औद्योगिक समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई दिशा प्राप्त होगी।
बैठक में औद्योगिक समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के आर्थिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण योजनाओं पर भी चर्चा हुई। बैठक समाप्त होने के बाद, जिलाधिकारी ने जिला उद्योग केंद्र परिसर में पौधरोपण किया और स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडौन जीवन मोहन दगाड़े, नगर आयुक्त कोटद्वार पी.एल. शाह, उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, पुलिस उपाधीक्षक निहारिका सेमवाल, अधिशासी अभियंता विद्युत नंदिता अग्रवाल, अधिशासी अभियंता लोनिवि निर्भय सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल सनी चौहान, अध्यक्ष सिडकुल निर्माता संघ सुनील गुप्ता व सचिव विवेक चौहान, सहायक श्रमायुक्त शैलेश सती, खंड शिक्षाधिकारी दुगड्डा अमित चंद तथा एलडीएम मीनाक्षी शुक्ला सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।













