हरिद्वार संक्षिप्त:  हरिद्वार जनपद की आज की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

एसडीआईएमटी में दो दिवसीय दीवाली फैस्ट का आयोजन

हरिद्वार। स्वामी दर्शनानन्द इंस्टिट्यूट ऑफ मैंनेजमंेट एण्ड टैक्नोलॉजी (एसडीआईएमटी) में दो दिवसीय दीवाली फैस्ट का आयोजन किया गया। इसका शुभारम्भ संस्थान की निदेशक डॉ. जयलक्ष्मी और अन्य सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया। पहले दिन ‘विजिलंेस ऑन करप्शन’ थीम पर पोस्टर, वॉल पेंटिंग, बे डेकोरेशन और दीया मेकिंग कम्पीटिशन हुए, जिसमें छात्रों ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध सतर्क रहने का संदेश दिया। दूसरे दिन रंगोली, सोलो डांस, गु्रप डांस आदि का आयोजन हुआ। विभिन्न प्रतियोगिताओं में पायल शर्मा (बीसीए प्रथम वर्ष), जीवांशी चौहान (बीबीए तृतीय वर्ष), तरणप्रीत, ईशु, दिव्या, श्रेया (बीसीए द्वितीय वर्ष), अनिकेत, वासुदेव, चिनांश, राज (बीसीए प्रथम वर्ष), कनिका चौधरी (बीबीए तृतीय वर्ष), दनेहा शर्मा एवं पायल शर्मा (बीसीए प्रथम वर्ष), आयुष सोलंकी एवं दिव्या सक्सेना (बीबीए तृतीय वर्ष) आदि विजयी रहे और उन्हें पुरूस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

देवभूमि विकास फाउंडेशन ने चलाया गंगा सफाई अभियान

हरिद्वार। देवभूमि विकास फाउंडेशन के सदस्यों ने कनखल स्थित दरिद्र भंजन मंदिर गंगा घाट पर सफाई अभियान चलाया। स्वयंसेवियों ने गंगा में फैले पुराने कपड़े और कचरा एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया। संरक्षक रेखा वाल्मीकि ने कहा कि संस्था प्रतिवर्ष सफाई अभियान चलाती है और गंगा की स्वच्छता के प्रति आमजन को जागरूक करना आवश्यक है, क्योंकि मानवीय गलतियों से गंगा प्रदूषित हो रही है। सफाई अभियान में ट्रस्ट की सचिव शीतल चंचल, उपाध्यक्ष विकास चंचल सहित कई सदस्य शामिल रहे।

जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया

हरिद्वार। त्योहारी सीजन की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया। सीओ रेलवे स्वप्निल मुयाल के नेतृत्व में हुई इस ड्रिल में जीआरपी, आरपीएफ, जनपद पुलिस, जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन और फायर टेंडर जैसी टीमों ने अचानक भगदड़ होने जैसी परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास किया। मॉक ड्रिल के दौरान प्लेटफार्म नंबर 1 पर एस्केलेटर पर यात्रियों के गिरने से भगदड़ की स्थिति बनाई गई, जिसमें एक बुजुर्ग यात्री की मौत और 6 लोगों के घायल होने का दृश्य था। सभी विभागों की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पतंजलि विश्वविद्यालय में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित

हरिद्वार। पतंजलि विश्वविद्यालय में शुक्रवार को अभिभावक शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए अभिभावकों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से भाग लिया। कुलाधिपति स्वामी रामदेव ने अभिभावकों से बच्चों को विश्वविद्यालय के नियमों और नैतिक मूल्यों के पालन के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पतंजलि का हर कार्य मानव कल्याण के लिए है और विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन जीने, अच्छे कर्म करने तथा अथक परिश्रम के लिए प्रेरित किया जाता है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में योग, आयुर्वेद और आधुनिक ज्ञान-विज्ञान के साथ नैतिक एवं आध्यात्मिक विकास के लिए नित्य यज्ञ, शास्त्र स्मरण आदि होते हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि 90% से अधिक उपस्थिति वाले छात्रों की पूरी फीस माफ की जाती है, और अब से शास्त्र स्मरण के लिए विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने शत-प्रतिशत रोजगार प्रदान करने के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई।

धनतेरस पर विशेष: स्वास्थ्य और समृद्धि का पर्व

​हरिद्वार। राष्ट्रीय मानव अधिकार संरक्षण समिति की पूर्व राष्ट्रीय सचिव रेखा नेगी ने धनतेरस के महत्व को बताते हुए कहा कि हिन्दू कैलेंडर के अनुसार कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को यह त्योहार मनाया जाता है। इस दिन घरों और दुकानों की साफ-सफाई, दीप जलाना तथा भगवान धन्वंतरि और मां लक्ष्मी की विधिपूर्वक पूजा शुभ मानी जाती है। लोग नए बर्तन, आभूषण, सोना-चांदी और वाहन खरीदते हैं, जो परिवार में समृद्धि और खुशहाली लाते हैं। यह पर्व स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि का प्रतीक है। भगवान धन्वंतरि की पूजा अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए की जाती है। यह पर्व समुद्र मंथन से जुड़ी कथा पर आधारित है और इसे ‘धन्वंतरि त्रयोदशी’ भी कहा जाता है। इस दिन यम का दीपक जलाना और ‘शुभ लाभ’ जैसे सुरक्षात्मक मंत्रों का उच्चारण करने की परंपरा है। प्रचलित मान्यता के अनुसार, धनतेरस पर खरीदी गई वस्तुएं 13 गुना अधिक हो जाती हैं। त्योहार का मुख्य संदेश है कि हमें जीवन में समृद्धि के साथ-साथ सेहत का भी ध्यान रखना चाहिए।