मुख्यमंत्री धामी ने रुड़की में भाजपा जिला कार्यालय का लोकार्पण किया
रुड़की, हरिद्वार (18 अक्टूबर 2025): धनतेरस के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। वैदिक हवन और पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यालय संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं की निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह भवन क्षेत्र की 6 विधानसभाओं के लिए ऊर्जा का केंद्र बनेगा और यहां से विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने देश की प्रगति और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने ‘लैंड जिहाद’ पर कहा: सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे रोके गए

रुड़की/हरिद्वार (18 अक्टूबर 2025): उत्तराखंड जनमंच मीडिया हाउस द्वारा आयोजित ‘जन संवाद/डायलॉग’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में ‘लैंड जिहाद’ के नाम पर किसी विशेष वर्ग को निशाना नहीं बनाया जा रहा है, बल्कि यह सुनियोजित तरीके से सरकारी भूमि पर कब्जा करने से संबंधित है। उन्होंने बताया कि शासन-प्रशासन ने कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए 9 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अवैध कब्जों से खाली कराया है।
’ऑपरेशन कालनेमि’ पर बोले सीएम: देवभूमि की शुद्धता भंग करने वालों पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार में ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह उन छद्म वेशधारियों के खिलाफ चलाया जा रहा है जो धार्मिक मार्ग में अवरोध उत्पन्न करते हैं और लोगों की भावनाओं को आहत करते हैं। उन्होंने इस नाम के पीछे की कहानी बताई, जो हनुमान जी के मार्ग में बाधा डालने वाले कालनेमि से प्रेरित है। उन्होंने यह भी कहा कि आपदाओं से नुकसान कम करने के लिए रिस्पॉन्स टाइम कम किया जा रहा है और युवाओं के हितों के लिए वे सर कटाने को भी तैयार हैं।
हरिद्वार नगर निगम का सख्त फैसला: दिवाली पर सफाई कर्मचारियों की छुट्टी रद्द
हरिद्वार (18 अक्टूबर 2025): दीपावली के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए हरिद्वार नगर निगम ने एक कड़ा निर्णय लिया है। निगम के स्वास्थ्य विभाग के सभी फील्ड कर्मचारियों और अधिकारियों की दिवाली पर छुट्टियाँ रद्द कर दी गई हैं। मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने भूपतवाला क्षेत्र में कूड़ा मिलने पर स्थानीय सफाई निरीक्षक और सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली एजेंसी पर अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए हैं। स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी स्तर की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सीएम धामी ने रुड़की में आयुष्मान कार्ड योजना के तहत डायलिसिस सेंटर का शुभारंभ किया

रुड़की (18 अक्टूबर 2025): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की के दीपक सावित्री ग्लोबल हॉस्पिटल एंड हार्ट केयर में डायलिसिस सेंटर में आयुष्मान कार्ड योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि श्री कृष्णायन देशी गोरक्षा एवम् गोलोक धाम सेवा समिति के सौजन्य से संचालित इस 50 बेड वाले अस्पताल में योजना शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से मिलेंगी।













