आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिली खामियों पर सीडीपीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश
हरिद्वार, 27 अक्टूबर 2025: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद में तैनात सभी सीडीपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई विगत दिवस जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर की गई छापेमारी में सामने आई विभिन्न खामियों के बाद की गई है।
जिलाधिकारी की जनसुनवाई: 33 समस्याओं का मौके पर निस्तारण

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में 84 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से 33 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। जनसुनवाई में अतिक्रमण, राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत आदि से संबंधित शिकायतें आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में कोई लापरवाही न हो।
जिलाधिकारी ने यूसीसी (समान नागरिक संहिता) का पंजीकरण 31 दिसंबर तक कैंपों के माध्यम से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का समयबद्धता के साथ और दूरभाष पर वार्ता करते हुए तत्परता से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
नकल प्रकरण जांच: न्यायमूर्ति यूसी ध्यानी ने हरिद्वार में की लोक सुनवाई

मा. न्यायमूर्ति श्री यूसी ध्यानी (सेवानिवृत्त) की अध्यक्षता में स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा 2025 में कथित नकल के आरोपों की जांच के संबंध में हरिद्वार में लोक सुनवाई/जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने छात्र-छात्राओं, कोचिंग संचालकों और प्रधानाचार्यों से साक्ष्य और सुझाव मांगे। उन्होंने बताया कि सरकार इस मामले में गंभीर है और एसआईटी जांच कर रही है, जिसे जल्द ही सीबीआई को सौंपा जाएगा।
गरीब व किसान के द्वार पहुंची धामी सरकार: 35 समस्याओं का मौके पर समाधान

राज्य मंत्री स्तर के देशराज कर्णवाल की अध्यक्षता में विधानसभा ज्वालापुर के 3 गांवों में “बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर” आयोजित किया गया। शिविर में कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 35 समस्याओं (जैसे किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड, पेंशन आदि) का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। सड़क, पानी और नेटवर्क की मुख्य समस्याओं को शासन को प्रेषित किया जाएगा।
तहसील परिसर की अनुपयोगी भूमि पर पार्किंग विकसित करने के निर्देश

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सब रजिस्ट्रार कार्यालय और तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील परिसर में खाली पड़ी भूमि का सदुपयोग करते हुए पार्किंग निर्माण करने के निर्देश दिए। इसके लिए नगर निगम, एचआरडीए और अधिवक्ताओं के साथ बैठक आयोजित करने को कहा गया। उन्होंने सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और तहसील/सब रजिस्ट्रार कार्यालय के लिए एक ही सेंट्रलाइज्ड शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए












