उत्तराखण्ड के 25 वर्ष पूरे होने पर ‘देवभूमि रजत उत्सव’ का भव्य शुभारम्भ

Listen to this article

मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने किया दीप प्रज्वलित कर और शंखनाद के साथ उद्घाटन

हरिद्वार, 30 अक्टूबर, 2025

​उत्तराखण्ड राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरिद्वार के रोड़ीबेलवाला पार्किंग स्थल में सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘देवभूमि रजत उत्सव’ कार्यक्रम का भव्य शुभारम्भ गुरुवार को राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने दीप जलाकर और शंखनाद ध्वनि के साथ किया।

राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान:

इस अवसर पर मुख्य अतिथि नरेश बंसल ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में जगत सिंह रावत, जसवंत सिंह बिष्ट, भोपाल सिंह बिष्ट, अंजू उपरेती, बीना नौटियाल, आशु बत्तर्वाल, भगवान जोशी, सुरेन्द्र सैनी, मदन गौड़, आंनद सैनी, साकेत वशिष्ठ, भीम सिंह रावत, रोहित तथा विषणुदत्त सेमवाल शामिल थे।

विकास के पथ पर अग्रसर उत्तराखण्ड:

अपने संबोधन में नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखण्ड निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने 25 वर्षों में राज्य द्वारा शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में हासिल किए गए उच्च मुकामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने 8 मेडिकल कॉलेज खुलने, ऑल वेदर रोड से सभी सड़कों के जुड़ने, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना के कार्य तथा विगत चार वर्षों में 25 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी मिलने जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड यूसीसी लागू करने, नकल विरोधी एवं भू-कानून लागू करने वाला देश का पहला राज्य है और यह जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित राष्ट्र के विजन को साकार करने में सभी के सहयोग की आवश्यकता है।

डिजिटल प्रदर्शनी का उद्घाटन:

मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर डिजिटल प्रदर्शनी का भी शुभारम्भ किया और केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का अवलोकन किया।

अन्य कार्यक्रम और गणमान्य व्यक्ति:

उत्सव में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर मेयर किरन जैसल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा, विधायक आदेश चौहान, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डे, डीजी सूचना एवं अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।