हरिद्वार से संक्षिप्त समाचार हरिद्वार जनपद में विभिन्न घटनाओं पर आधारित खबरें, यहां देखें

Listen to this article

ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव का सफल आयोजन

​हरिद्वार, 30 अक्टूबर, 2025: क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी, बहादराबाद ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में विकासखंड-बहादराबाद में ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव का सफल आयोजन उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, बहादराबाद में किया गया। इस महोत्सव में लोकनृत्य (सामूहिक), लोकगीत (सामूहिक), कहानी लेखन, चित्रकला, भाषण, और कविता लेखन स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए। युवा महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि माननीय ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद, आशा नेगी ने किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल, आयोजक श्री सोनू कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

31 अक्टूबर को हरिद्वार में ‘एकता यात्रा’ का आयोजन

​हरिद्वार, 30 अक्टूबर, 2025: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन हरिद्वार और मेरा युवा भारत (MY Bharat) के संयुक्त तत्वावधान में कल, 31 अक्टूबर 2025, शुक्रवार को एक भव्य “एकता यात्रा” का आयोजन किया जाएगा। इस यात्रा में जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एन.एस.एस. अधिकारीगण और नागरिकगण भाग लेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे गांधी पार्क, सेक्टर-1, बी.एच.ई.एल. टाउनशिप से होगा और यह मध्यम मार्ग बीएचईएल मैन रोड होते हुए देवेपुरा चौक से वापस गांधी मैदान में समाप्त होगी। यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द का संदेश प्रसारित करना है।

राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती उत्सव की तैयारी

​हरिद्वार, 30 अक्टूबर, 2025: मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार के निर्देशानुसार, राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों के तहत दिनांक 04 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती उत्सव के अवसर पर जनपद हरिद्वार के ब्लॉकों में उद्योग कैम्प, माटीकला, बुनकर क्राफ्ट से संबंधित गोष्ठी कार्यक्रम और लघु उद्योग उत्पाद, हैंडलूम, माटीकला उत्पाद प्रदर्शनी आदि का आयोजन किया जाएगा। ये कार्यक्रम ब्लॉक भगवानपुर, ब्लॉक रुड़की और ब्लॉक बहादराबाद में निर्धारित स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।

हरिद्वार में पर्यटन को बढ़ावा देने और नए डेस्टिनेशन विकसित करने पर चर्चा

हरिद्वार, 30 अक्टूबर, 2025: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट भवन में जिला पर्यटन विकास समिति की चौथी बैठक आयोजित हुई। बैठक में नए पर्यटन डेस्टिनेशन के चयन व विकास, विभागीय परिसंपत्तियों के संचालन एवं रखरखाव और पर्यटन अवस्थापना सुविधाओं के विकास को लेकर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ यात्रियों को हरिद्वार में अल्पज्ञात तीर्थस्थलों को ढूंढकर विकसित करने और उनके प्रचार-प्रसार हेतु ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल ने हरिद्वार भ्रमण हेतु विभिन्न चरणों में टूर कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें माँ सुरेश्वरी मंदिर, माँ विंध्यवासिनी मंदिर, कनखल क्षेत्र, पंचलेश्वर महादेव मंदिर, साहसिक पर्यटन के तहत झिलमिल झील, पीली पड़ाव ट्रैक आदि शामिल हैं। जिलाधिकारी ने टूर कार्यक्रमों को आयोजित करने के निर्देश दिए और एडवेंचर टूरिज्म को विकसित करने के लिए भीमगोड़ा बैराज एवं रुड़की गंगनहर में वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के संचालन के निर्देश भी दिए। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और हेरिटेज वॉक की योजना बनाने पर भी चर्चा हुई।