उत्तराखंड,देहरादून संक्षिप्त: देहरादून जनपद मे आज की गतिविधियों पर आधारित समाचार, यहां देखें

Listen to this article

जिला चिकित्सालय समीक्षा: डीएम ने जताई नाराजगी, 91 लाख की स्वीकृति

देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल ने जिला चिकित्सालय कोरोनेशन के निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं की अचानक समीक्षा बैठक बुलाई। उन्होंने सुविधाओं, उपकरणों की उपलब्धता, दवाओं की स्थिति और सेवाओं की गुणवत्ता जाँची।

एसएनसीयू के छह बेड से 12 बेड करने के पिछले निर्देश का पालन न होने पर, फंड न होने की सूचना दो माह से संज्ञान में न लाने के कारण जिलाधिकारी ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को फटकार लगाई और कड़ी नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने मौके पर ही एसएनसीयू विस्तार और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए 91 लाख रुपये जिला योजना से स्वीकृत किए और एक माह में विस्तारीकरण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

ब्लड बैंक के 75% कार्य पूर्ण होने की जानकारी मिली, जिसके लिए फरवरी 2026 तक शेष कार्य और संचालन हेतु स्टाफ व उपकरणों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। स्वीकृत 91 लाख की धनराशि का उपयोग एसएनसीयू अपग्रेड, दिव्यांग शौचालय, जनरल ओटी स्टेपलाइजर, पुराने भवन की मरम्मत, फायर सेफ्टी सिस्टम और जन्म-मृत्यु पंजीकरण हेतु कलर प्रिंटर जैसे कार्यों के लिए किया जाएगा। डीएम ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, दवा वितरण प्रणाली और स्टाफ की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा।

​गौ संरक्षण में नई पहल: गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने का प्रस्ताव

देहरादून: उत्तराखंड गौ सेवा आयोग की कार्यकारिणी की बैठक में गौ संरक्षण और गोवंश कल्याण को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र अणथ्वाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने का प्रस्ताव पारित हुआ, जिसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।

​अध्यक्ष ने 60% गोवंश के सड़क पर होने और पशु क्रूरता में वृद्धि पर चिंता जताई तथा गोवंश अपराधों की रोकथाम के लिए प्रावधान सख्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन गौ सदनों का निर्माण शीघ्र पूरा करने, नए गौ सदनों के लिए भूमि चयन में तेजी लाने और गौ सदनों की देनदारी का भुगतान समय पर करने को कहा। गोवंश तस्करी और पशु क्रूरता करने वालों के खिलाफ पुलिस स्तर से सख्त कार्रवाई और अपराधों की पैरवी के लिए कानूनी सलाहकार नियुक्त करने पर सहमति बनी। साथ ही, गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने और गोवंश अपराधों पर समान कानून बनाने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजने पर सहमति बनी।

​सांसद नरेश बंसल ने निधि से हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया

देहरादून: राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने सांसद निधि से हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया राहटकर, विधायक सहदेव पुंडिर और अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित करके किया।

​कार्यक्रम में पूर्वोत्तर राज्यों के जनजातीय बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। डॉ. बंसल ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह बच्चों को आत्मनिर्भर बनाती है और अंधविश्वास से दूर रखती है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहने की बात कही। इस अवसर पर पूज्य अम्मा जी, भारत रत्न विद्यामाता राजरानी जी की पुण्यतिथि भी मनाई गई।

​’सखी कैब’ सेवा का विस्तार: ऑटोमेटेड पार्किंग में मिलेगी फ्री शटल सुविधा

देहरादून:   जिला प्रशासन की ‘फ्री सखी कैब’ सुविधा, जो ऑटोमेटेड पार्किंग में वाहन पार्क करने वालों को नजदीकी स्थानों तक निःशुल्क पहुँचाने के लिए शुरू की गई थी, का विस्तार किया जा रहा है।

​जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रयासों से शुरू इस सेवा के तहत 2 नए ई.वी. वाहन (टाटा पंच) आवंटित किए गए हैं और जल्द ही बेड़े में 6 अतिरिक्त ई.वी. वाहन जोड़े जाएंगे, जो पीपीपी मोड पर संचालित होंगे। ये कैब घंटाघर, सुभाष रोड, गांधीपार्क, परेडग्राउण्ड के आसपास 5 किमी के दायरे में सेवा देंगी।

​शहर में यातायात जाम से राहत दिलाने के लिए परेडग्राउण्ड (111 वाहन क्षमता), तिब्बती मार्केट (132) और कोरोनेशन (18), कुल 261 वाहन क्षमता वाली 3 नई ऑटोमेटेड पार्किंग का निर्माण किया गया है, जिन्हें जल्द ही मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित किया जाएगा। प्रशासन अब सड़क पर अनाधिकृत रूप से पार्क किए गए वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करेगा।