हरिद्वार सूचना विभाग:  आज दिन भर की ताजा संक्षिप्त खबरें, यहां देखें

Listen to this article

यूसीसी पंजीकरण की समीक्षा: गाजीवाली प्रधान होंगे सम्मानित

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने यूसीसी (यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड) पंजीकरण और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निस्तारण की गहन समीक्षा की। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में पंजीकरण बढ़ाने के लिए शिविर लगाने और जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने का निर्देश दिया। रूड़की नगर निगम को माइक्रो-प्लानिंग बनाने को कहा गया। यूसीसी के तहत गाजीवाली में सौ फीसदी पंजीकरण होने पर वहाँ के प्रधान को सम्मानित करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का 36 दिन से अधिक समय तक लंबित न रखने पर जोर दिया गया।

सड़क सुरक्षा एवं गड्ढा मुक्त सड़कों पर निर्देश

हरिद्वार। सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को ब्लैक स्पॉट की संख्या 6 तक कम करने का निरीक्षण करने को कहा गया। लोनिवि एवं राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का निर्देश दिया गया। परिवहन विभाग ने जनवरी से सितंबर 2025 तक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान/सीज होने के आंकड़े प्रस्तुत किए।

जनसुनवाई: 59 में से 29 समस्याओं का मौके पर निस्तारण

हरिद्वार। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में 59 शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें से 29 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। अतिक्रमण, राजस्व, भूमि विवाद और बिजली से संबंधित शिकायतें आईं। एक शिकायतकर्ता ने सरकारी चकरोड पर हुए अवैध कब्जे को हटाने की मांग की, जबकि किसानों ने वन गुर्जरों द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत की। जिलाधिकारी ने त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।

​25वीं रजत जयंती सप्ताह का शुभारंभ

ऋषिकुल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उद्घाटन

हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित रजत जयंती सप्ताह कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास कार्यों और जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के स्टॉल का जायजा लिया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं योगा आसान की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। यह कार्यक्रम जनपद में 2 से 9 नवंबर तक चलेगा।

हरकी पैड़ी पर 25 दीप दान और शंखनाद

हरिद्वार। रजत जयंती सप्ताह का शुभारंभ हरकी पौड़ी पर 25 दीप दान और 25 शंखनाद के साथ किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने माँ गंगा की आरती कर प्रदेश और जनपद की प्रगति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की।