
हरिद्वार, 07 नवम्बर 2025
राज्य स्थापना रजत जयंती सप्ताह के उपलक्ष्य में, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम, जनपद हरिद्वार के तहत एचआईवी/एड्स की रोकथाम और उपचार के लिए जन जागरूकता एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने हेतु एक Integrated Health Mega Camp (IHC) का आयोजन किया गया।
उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निर्देशानुसार, दिशा क्लस्टर यूनिट हरिद्वार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) हरिद्वार और जिला क्षय रोग अधिकारी/जिला नोडल अधिकारी एचआईवी/एड्स हरिद्वार के मार्गदर्शन में 07.11.2025 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पिरान कलियर, रुड़की में इस वृहत स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया। इसका उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोदय हरिद्वार द्वारा किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हरिद्वार ने बताया कि IHC का मुख्य उद्देश्य उच्च जोखिम समूह/आम जनता को एक ही स्थान पर टीबी, एचआईवी, एक्स-रे, सिफलिस, ब्लड प्रेशर, खून की जांच, पोषण संबंधी जानकारी, गैर संचारी रोग (NCD) की स्क्रीनिंग और उपचार जैसी निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
डॉ. रमेश कुंवर, जिला नोडल अधिकारी/जिला क्षय रोग अधिकारी हरिद्वार, ने बताया कि जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत यह शिविर दिशा क्लस्टर यूनिट हरिद्वार के माध्यम से उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में संचालित किए जाएंगे, ताकि उच्च जोखिम समूह, प्रवासी, ड्राइवर और आम जनमानस को स्वास्थ्य लाभ मिल सके और वे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकें।

शिविर में कुल 680 लाभार्थी लाभान्वित हुए, जिनमें 153 की सामान्य स्वास्थ्य जांच, 69 एक्स-रे, 37 की बलगम जांच, 82 की एचआईवी/सिफलिस जांच, 151 की एनसीडी स्क्रीनिंग और 30 नेत्र जांच शामिल थी।
इस अवसर पर डॉ. आर. के. सिंह (CMO हरिद्वार), डॉ. रमेश कुंवर, डॉ. राव अकरम, श्री जमशेद अली सहित दिशा क्लस्टर यूनिट, एनटीईपी कार्यक्रम, ओएसटी केंद्र, आरबीएसके टीम, टीआई (एनजीओ) और अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने सहयोग प्रदान किया।














