हरिद्वार संक्षिप्त: स्वच्छता, जन-सेवा और खेल महोत्सव, यहां देखें

Listen to this article

36वें दिन भी जारी रहा स्वच्छता अभियान; गंदगी करने वालों को नोटिस

हरिद्वार में स्वच्छता और सुशासन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक स्तर पर अभियान चलाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जारी स्वच्छता अभियान के 36वें दिन बीएचईएल क्षेत्र, पीडब्ल्यूडी कार्यालय, झबरेड़ा और भगवानपुर में विशेष सफाई अभियान चलाकर भारी मात्रा में कूड़ा हटाया गया। प्रशासन ने स्वच्छता के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए तांशीपुर में स्कूल के पास गंदगी फैलाने और गोबर फेंकने वालों को नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन

हरिद्वार के विकास खंड रुड़की स्थित ग्राम मेंहवड खुर्द में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 962 लोगों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से 583 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया और 86 लोगों को मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी किए गए। शिविर के दौरान स्थानीय निवासियों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण और जल भराव जैसी कुल 44 समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें से 16 शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को जनपद को स्वच्छ बनाने की शपथ भी दिलाई और कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुँचाना है। इस अवसर पर सयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’: शिविरों में उमड़ी भीड़

आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिले में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ पहल के तहत बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। बहादराबाद के कोटा मुरादनगर में आयोजित शिविर में 603 ग्रामीण लाभान्वित हुए, जबकि रुड़की के मेंहवड खुर्द में जिलाधिकारी की मौजूदगी में लगे शिविर में 962 लोग शामिल हुए। इन शिविरों में प्रमाणपत्र जारी करने के साथ ही भूमि विवाद और जल भराव जैसी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

,HRDA सुशासन कैंप: 41 मानचित्रों का हुआ निस्तारण

सुशासन को बढ़ावा देने के लिए हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) द्वारा भगवानपुर में कैंप लगाया गया, जिसमें पारदर्शिता बरतते हुए 41 मानचित्रों का निस्तारण किया गया। प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आवेदकों के कार्यों में देरी न की जाए ताकि जनता को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

‘रन फॉर नेशन’: देवभूमि को खेल भूमि बनाने का संकल्प

युवाओं को खेलों से जोड़ने और ‘देवभूमि’ को ‘खेल भूमि’ के रूप में विकसित करने के संकल्प के साथ हर की पौड़ी से ऋषिकुल कॉलेज तक ‘रन फॉर नेशन’ दौड़ का आयोजन किया गया। सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित इस दौड़ को राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने हरी झंडी दिखाई। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास किया गया और लकी ड्रॉ के जरिए प्रतिभागियों को प्रोत्साहित भी किया गया।