हरिद्वार संक्षिप्त हरिद्वार जनपद मे आज की ताजा खबरें यहां देखें

Listen to this article

अतिक्रमण के विरुद्ध एनएचएआई की कार्रवाई

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर हरिद्वार में अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी है। एनएचएआई की टीम ने जेसीबी के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग-334 पर बिना अनुमति के लगे 12 यूनीपोल और 10 बड़े होर्डिंग्स को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही सड़क किनारे अवैध रूप से फल-सब्जी और कपड़े बेचने वालों को हटाया गया। सुरक्षा की दृष्टि से पेट्रोलिंग टीम कोहरे के कारण वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप भी लगा रही है।

गंगा संरक्षण और स्वच्छता पर बैठक

मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में निर्देश दिए कि गंगा में गंदा पानी या कूड़ा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने नगर निगम को घाटों पर सफाई प्रबंधन सुधारने और चमगादड़ टापू, दूधियाबंध व दक्षिण काली मंदिर के आसपास से तत्काल अतिक्रमण हटाने को कहा। साथ ही भागीरथी बिंदु से गीता कुटीर तक ‘आस्था पथ’ विकसित करने की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

ऑटो रिक्शा विक्रम एसोसिएशन का नया चुनाव

पंचपुरी ऑटो रिक्शा विक्रम एसोसियेशन (ललतारौ पुल) की बैठक में जीवानन्द भट्ट को वर्ष 2026 के लिए सर्वसम्मति से नया अध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर भाजपा नेता अनिरूद्ध भाटी ने कहा कि ऑटो चालक तीर्थनगरी के ब्रांड एम्बेस्डर हैं, उन्हें यात्रियों से विनम्र व्यवहार करना चाहिए। नवनियुक्त अध्यक्ष ने जल्द ही अपनी नई कार्यकारिणी के गठन का भरोसा दिलाया।

नए साल पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नए साल के स्वागत के लिए धर्मनगरी हरिद्वार में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे बाजारों, होटलों और धर्मशालाओं में रौनक बढ़ गई है। धार्मिक पर्यटन में आए इस उछाल से स्थानीय कारोबारी उत्साहित हैं। सुरक्षा की दृष्टि से एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व यातायात के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कानून तोड़ने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है।

वांछित आरोपी गिरफ्तार

थाना सिडकुल पुलिस ने एनडीपीएस (नशीले पदार्थ) के कई मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सागर उर्फ गबरू को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल द्वारा वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसआई अनिल बिष्ट की टीम ने यह सफलता हासिल की। आरोपी मूल रूप से मुजफ्फरनगर का निवासी है।