देहरादून में उत्तराखंड माल्टा महोत्सव का शुभारंभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में ‘माल्टा महोत्सव’ का उद्घाटन किया और राज्य में माल्टा के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ‘माल्टा मिशन’ शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय बागवानी राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक होगी। दिल्ली में भी इस तरह के महोत्सव आयोजित कर उत्तराखंड के माल्टा की ब्रांडिंग की जाएगी।
महिलाओं के लिए ‘गंगा रसोई’ क्लाउड किचन की शुरुआत

हरिद्वार के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ललित नारायण मिश्रा ने महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘गंगा रसोई’ नाम से क्लाउड किचन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया। जनपद में पहली बार NRLM और PNB के सहयोग से महिलाओं को यह विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। सिडकुल और औद्योगिक क्षेत्रों में घर जैसा भोजन उपलब्ध कराकर इन महिलाओं की आर्थिकी मजबूत की जाएगी। बैंक उन्हें ऋण देने में भी सहयोग करेंगे।
हरिद्वार में निरंतर जारी है स्वच्छता अभियान

मुख्यमंत्री के निर्देशों पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में पिछले 46 दिनों से हरिद्वार में व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसमें BHEL, NHAI, लोक निर्माण विभाग और उद्योग विभाग सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। जिलाधिकारी ने नववर्ष पर नागरिकों से अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है।
उधार न चुकाना पड़े, इसलिए दोस्त की हत्या

ज्वालापुर पुलिस ने साहिल भदौरिया हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसके दोस्त आर्य गिरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डेढ़ लाख रुपये की उधारी से बचने के लिए साहिल को नशे की हैवी ओवरडोज देकर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने घटनास्थल से नशे में प्रयुक्त सामग्री और इंजेक्शन बरामद कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।













