उत्तराखंड देहरादून संक्षिप्त : आज 06/01/2026 की देहरादून जनपद की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

खदरी खड़कमाफ में बहुउद्देशीय शिविर: 1292 लोग हुए लाभान्वित

देहरादून: “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत ऋषिकेश के खदरी खड़कमाफ में एसडीएम योगेश मेहरा की अध्यक्षता में विशाल शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 1292 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। कुल 60 शिकायतों में से 17 का मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और अन्य मंत्रियों ने स्टालों का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग ने 170 और पशुपालन विभाग ने 259 किसानों को सेवाएं दीं, साथ ही महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई।

झांझरा में शिविर: 613 ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान

देहरादून: सहसपुर ब्लॉक की न्याय पंचायत झांझरा में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 613 लोगों को विभागीय योजनाओं से जोड़ा गया। तहसीलदार विवेक राजौरी की अध्यक्षता और विधायक सहदेव पुंडीर की उपस्थिति में हुए इस शिविर में कुल 98 शिकायतें आईं, जिनमें से 37 का तत्काल समाधान किया गया। जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, बिजली और अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर चर्चा की। प्रशासन ने शेष शिकायतों को समयबद्ध तरीके से हल करने के निर्देश दिए हैं।

देहरादून में ड्रग विभाग का छापा, अनियमितता पर तीन मेडिकल स्टोर सील

देहरादून: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और ड्रग विभाग ने रायपुर क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ‘कोठारी मेडिकल स्टोर’ में एक्सपायरी दवाएं और नारकोटिक्स दवाओं के रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी मिलने पर उसे तुरंत बंद करा दिया गया। इसी तरह ‘गिरी मेडिकोज’ और ‘देवभूमि मेडिकोज’ में भी फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति और अन्य अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते उन्हें भी बंद करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण की सूचना मिलते ही क्षेत्र के अन्य कई दुकानदार स्टोर बंद कर फरार हो गए।

  त्यूनी के छात्रों को मिली आधुनिक लाइब्रेरी की सौगात

देहरादून: मुख्यमंत्री के विजन को धरातल पर उतारते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने सीमांत क्षेत्र त्यूनी में सार्वजनिक पुस्तकालय के लिए 12 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें से पहली किस्त के रूप में ₹7.20 लाख जारी कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए यह लाइब्रेरी मील का पत्थर साबित होगी। ग्रामीण निर्माण विभाग को जल्द ही मरम्मत और फर्नीचर का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।