हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद में आज की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

पतंजलि यूनिवर्सिटी में ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ प्रशिक्षण आयोजित

हरिद्वार। परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता के लिए पतंजलि यूनिवर्सिटी औरंगाबाद में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहायक संभागीय अधिकारी नेहा झा ने बताया कि इसमें छात्र-छात्राओं को ‘गोल्डन आवर’ की महत्ता, सीपीआर (CPR), प्राथमिक उपचार और स्ट्रेचर के व्यवहारिक उपयोग की ट्रेनिंग दी गई। कार्यक्रम के अंत में कैडेट्स को यातायात नियमों के पालन और नशे में वाहन न चलाने की शपथ दिलाई गई।

शीतलहर से राहत के लिए नगर निगम ने की अलाव और कंबल की व्यवस्था

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर नगर निगम ने बेसहारा लोगों को ठंड से बचाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने रैन बसेरों का निरीक्षण कर वहां हीटर और 150 नए गर्म कंबलों की व्यवस्था सुनिश्चित की। मेयर किरण जैसल ने बताया कि शहर के 40 से अधिक स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं और जल्द ही जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण अभियान भी शुरू किया जाएगा।

व्यापारियों ने एसपी सिटी से की चाइनीज मांझे पर रोक की मांग

हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में व्यापारियों ने एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपकर जानलेवा चाइनीज मांझे की बिक्री और ऑनलाइन सप्लाई पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि यह मांझा राहगीरों और पक्षियों के लिए काल बन रहा है। उन्होंने मांग की कि इसे बेचने और उपयोग करने वालों पर भारी जुर्माना और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

युवा-अग्नि संगठन ने नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

हरिद्वार। सामाजिक संगठन ‘युवा-अग्नि’ ने बसंत पंचमी से पहले शहर में चाइनीज मांझे के भंडारण और इस्तेमाल के खिलाफ सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया। अध्यक्ष ऋषभ वशिष्ठ और संरक्षक सोम त्यागी ने कहा कि पिछले वर्षों में इस मांझे से कई लोग जान गंवा चुके हैं। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि विशेष अभियान चलाकर प्रतिबंधित मांझे के स्टॉक को जब्त किया जाए ताकि निर्दोष लोगों और पक्षियों की जान बचाई जा सके।

साध्वी प्राची ने हरिद्वार को ‘अमृत क्षेत्र’ घोषित करने की मांग की

हरिद्वार। हिंदूवादी नेत्री साध्वी प्राची ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए हरिद्वार को ‘अमृत क्षेत्र’ घोषित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि हरकी पैड़ी की पवित्रता बनाए रखने के लिए इस क्षेत्र में गैर-हिंदुओं के प्रवेश और संपत्ति खरीदने पर प्रतिबंध लगना चाहिए। साथ ही उन्होंने बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं की जांच कर उन्हें धर्मनगरी से बाहर करने की भी अपील की।