हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद में आज की प्रमुख खबरें

Listen to this article

स्वच्छता के नाम पर अभद्र भाषा लिखने वालों पर कसेगा शिकंजा

​हरिद्वार के कनखल (लाटोवाली) में अज्ञात लोगों ने दीवार पर स्वच्छता के नाम पर अभद्र संदेश लिखकर उसके नीचे “नगर निगम हरिद्वार” का नाम डाल दिया। नगर निगम ने इसे भ्रामक और अशालीन बताते हुए स्पष्ट किया कि उनका इससे कोई संबंध नहीं है। मुख्य सफाई निरीक्षक ने तत्काल संदेश को हटवा दिया है। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने जांच के निर्देश दिए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

हरिद्वार में 54 दिनों से निरंतर जारी है स्वच्छता अभियान

​मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में हरिद्वार को सुंदर बनाने के लिए पिछले 54 दिनों से सफाई अभियान चल रहा है। बीएचईएल टाउनशिप प्रशासन और नगर पालिका शिवालिक नगर के सहयोग से सिडकुल के पास से 150 टन कूड़ा हटाया गया। इसके साथ ही खानपुर, रूड़की और नारसन के विभिन्न गांवों में महिला मंगल दलों और स्थानीय प्रशासन द्वारा सक्रिय रूप से सफाई कार्य किया जा रहा है।

भाजपा ने कांग्रेस की ‘बुद्धि-शुद्धि’ के लिए किया हवन

​शिवालिक नगर के एटीएम चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की “जनविरोधी नीतियों” और “भ्रामक राजनीति” के विरोध में हवन आयोजित किया। जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा और पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि कांग्रेस देवभूमि का माहौल खराब कर रही है। भाजपा नेताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ईश्वर से प्रार्थना की कि कांग्रेस को सद्बुद्धि मिले और वे नकारात्मकता छोड़कर राष्ट्रहित में कार्य करें।

अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस का पैदल मार्च

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर शिवमूर्ति से हर की पैड़ी तक पैदल मार्च निकाला। वरिष्ठ नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महिलाएं असुरक्षित हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि मामले की सीबीआई जांच हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक न्याय नहीं मिलता, वे सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेंगे।


एक लाख से अधिक कीमत की स्मैक समेत दो गिरफ्तार

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर एक लाख रूपए से अधिक कीमत की स्मैक बरामद की है।अलग-अलग स्थान से गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से 9ग्राम व 5.30 ग्राम स्मैक बरामद हुई है।आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकद्मा दर्ज किया गया है।एसएसपी के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस की गैस प्लांट चौकी टीम ने छापेमारी कर गैस प्लान्ट क्षेत्रान्तर्गत स्थित विजन मेटल फैक्ट्री के पास खाली मैदान से आरोपी संतोष सिह पुत्र शिव करन सिंह राठोर निवासी नवोदयनगर नियर शिव मंदिर पीठ बाजार थाना सिडकुल को 90 हजार रूपए कीमत की स्मैक समेत दबोच लिया।उसके कब्जे से स्मैक बेचकर कमाए 1500 रूपए भी पुलिस ने बरामद किए है।इसके अलावा सुमननगर चौकी पुलिस टीम रोड नं.3 सुमननगर से आरोपी मंगत दास पुत्र देशराज निवासी राज मेडिकल के पास अम्बेडकर चौक रामधाम थाना सिडकुल को गिरफ्तार कर 55हजार रूपए कीमत की स्मैक बरामद की। गिरफ्तार आरोपी संतोष सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसने केटीसी बिल्डिंग के पास मिले मंगत से स्मैक ली थी।दूसरे आरोपी मंगत दास ने स्मैक रावली महदूद से खरीदी थी।पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकद्मा दर्ज कर कोर्ट में पेशा किया।जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम कोतवाली प्रभारी शान्ति कुमार, एसएसआई नितिन चौहान, गैस प्लांट चौकी प्रभारी एसआई विकास रावत,सुमननगर चौकी प्रभारी एसआई अर्जुन कुमार, कांस्टेबल उदय चौहान,कांस्टेबल सुरेन्द्र,दीपक रावत,हरीश राणा व दीप गौड़ शामिल रहे।