अखाड़ा परिषद ने दी धामी सरकार को बधाई; श्रीमहंत हरि गिरी बोले- दिव्य और भव्य होगा हरिद्वार कुंभ 2027
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी और महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी है। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि धामी सरकार ने प्रदेश के चहुंमुखी विकास के साथ सनातन संस्कृति को मजबूत करने का कार्य किया है। वहीं, श्रीमहंत हरि गिरी ने विश्वास जताया कि अगले वर्ष हरिद्वार में होने वाला कुंभ मेला दिव्य, भव्य और विशाल स्वरूप में संपन्न होगा, जिससे पूरे विश्व में सनातन का गौरव बढ़ेगा। संतों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हरिद्वार आगमन का भी स्वागत किया।
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत सख्त: मुक्तेश्वर में भू-कानून के उल्लंघन और अवैध रिसॉर्ट्स की जांच के दिए निर्देश

कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मुक्तेश्वर क्षेत्र का भ्रमण कर वहां हो रहे बहुमंजिला निर्माणों और रिसॉर्ट्स पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। निरीक्षण में पाया गया कि होमस्टे योजना का लाभ लेकर बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण किए जा रहे हैं, जिसे उन्होंने भू-कानून का उल्लंघन बताया। आयुक्त ने जिलाधिकारी नैनीताल और जिला विकास प्राधिकरण को इन सभी इमारतों की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रानीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: टिबड़ी कालोनी से 40 पैक देशी शराब के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

कोतवाली रानीपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टिबड़ी कालोनी की गली नंबर 1 में छापेमारी कर एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से देशी शराब माल्टा के 40 टैट्रा पैक बरामद किए हैं। एसएसपी के निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई के बाद महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल विमल नेगी, कांस्टेबल उदय नेगी और महिला कांस्टेबल अनीता शामिल रहे।
हरिद्वार: शासन के निर्देश पर पीटीआई एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ तस्कर परवेज उर्फ छोटा जेल भेजा गया

थाना पथरी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए परवेज उर्फ छोटा नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी की अवैध गतिविधियों की रिपोर्ट शासन को भेजी थी, जिस पर उत्तराखंड शासन द्वारा धारा 3(1) पीटीआई एनडीपीएस एक्ट के तहत शासनादेश जारी किया गया। इसके अनुपालन में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
जाति आधारित जनगणना और यूजीसी बिल की मांग को लेकर बामसेफ का हल्लाबोल, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

बामसेफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष वामन मेश्राम के आह्वान पर भारत मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर जाति आधारित जनगणना कराने, इक्वलिटी रेगुलेशन यूजीसी बिल लागू करने और 2011 में नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से मुक्त करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ओबीसी समाज को जनसंख्या के अनुपात में उचित भागीदारी नहीं मिल पा रही है और यूजीसी बिल पर स्टे लगने से आरक्षित वर्ग के छात्रों के साथ भेदभाव बढ़ रहा है।














