ताजा खबरें: हरिद्वार जनपद में आज की ताजा खबरें,यहां देखें

Listen to this article

ऋषिकुल मैदान में यात्री पंजीकरण केंद्र तैयार, कल से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन

हरिद्वार: चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऋषिकुल मैदान में ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिलाधिकारी और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने केंद्र का निरीक्षण कर आज शाम तक शेष व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। यात्रियों की सुविधा के लिए 20 काउंटर स्थापित किए गए हैं, जिनमें आधार न होने पर थंब और फेस स्कैनिंग की भी व्यवस्था है। सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की 35 सदस्यीय टीम और एसडीआरएफ की दो टीमें तैनात की गई हैं।

कुंभ मेला 2027: कनखल और खड़खड़ी श्मशान घाटों का होगा कायाकल्प

हरिद्वार: आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत मेला प्रशासन ने शहर के मुख्य श्मशान घाटों के आधुनिकीकरण की योजना बनाई है। अपर मेला अधिकारी दयानन्द की अध्यक्षता में हुई बैठक में खड़खड़ी और कनखल घाटों में चिमनियों की ऊंचाई बढ़ाने, प्रतीक्षालय निर्माण और प्रकाश व्यवस्था सुधारने पर सहमति बनी। महत्वपूर्ण बात यह है कि राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) ने यहाँ गैस आधारित शवदाह गृह की स्थापना के प्रस्ताव को सैद्धांतिक सहमति दे दी है।

मिलावटखोरों पर नकेल: खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी

हरिद्वार: चारधाम यात्रियों को शुद्ध भोजन सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार-रूडकी मार्ग और चिड़ियापुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी ने बताया कि ‘शाही जीरा’ और अन्य कोल्ड ड्रिंक्स के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। एक्सपायरी डेट न होने पर संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी कर बाजार से स्टॉक वापस लेने (Recall) के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही दूध, मावा और दालों के सैंपल भी लैब भेजे गए हैं।

स्वच्छता अभियान: 15 दिनों में जुटाया 1.20 लाख किलो कूड़ा

हरिद्वार: ‘क्लीन हरिद्वार-मॉडल हरिद्वार’ के लक्ष्य के साथ जनपद में वृहद सफाई अभियान जारी है। स्वच्छता नोडल अधिकारी चंद्रकांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि 1 अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच जिले में 1,20,253 किलोग्राम कूड़ा एकत्रित कर निस्तारित किया गया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। जनता की शिकायतों के लिए स्वच्छता कंट्रोल रूम नंबर 8273371714 भी जारी किया गया है।