देहरादून, 24 अप्रैल। चारधाम यात्रा 2026 को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं तथ्यहीन वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ उत्तराखंड सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। केदारनाथ धाम की यात्रा व्यवस्था एवं दर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित एक भ्रामक वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना सोनप्रयाग में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि वायरल वीडियो में किए गए दावे पूरी तरह निराधार एवं भ्रामक हैं। उक्त वीडियो का उद्देश्य श्रद्धालुओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न करना तथा चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं के संबंध में गलत संदेश फैलाना था। राज्य सरकार ने इस प्रकार की अफवाहों पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई है।
पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है। साथ ही, सोशल मीडिया पर प्रसारित अन्य संदिग्ध वीडियो एवं पोस्टों की भी निगरानी की जा रही है। दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील की है कि वे चारधाम यात्रा से संबंधित किसी भी सूचना के लिए केवल अधिकृत एवं आधिकारिक स्रोतों पर ही विश्वास करें। किसी भी अपुष्ट या भ्रामक संदेश को साझा करने से बचें।
उत्तराखंड शासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने, भ्रामक सामग्री प्रसारित करने अथवा जनभावनाओं को भड़काने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी













