हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद में आज की प्रमुख ख़बरें, यहां देखें

Listen to this article

मतदाता सूची पुनरीक्षण: राजनीतिक दल तैनात करें BLA-2

हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद की 11 विधानसभाओं में 1715 मतदेय स्थलों पर BLO तैनात हैं। उन्होंने सभी दलों से BLA-2 तैनात करने की अपील की ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से न छूटे और मृत या शिफ्ट हो चुके मतदाताओं के नाम हटाए जा सकें। इस दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित भाजपा, कांग्रेस और बसपा के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

गुरुकुल कांगड़ी का लीडरशिप कैंप: व्यक्तित्व विकास पर जोर

हरिद्वार/कोटद्वार: गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा कण्डवाश्रम में आयोजित तीन दिवसीय लीडरशिप कैंप के दूसरे दिन योगाभ्यास और यज्ञ किया गया। मुख्य अतिथि अमरीश त्रिपाठी (GM, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स) ने कहा कि समय का सही उपयोग और अध्यात्म ही नेतृत्व के गुण विकसित करते हैं। कैंप में प्रशिक्षुओं ने ट्रेकिंग की और ऐतिहासिक स्थल ‘शाकुन्तलम’ का भ्रमण किया। इस दौरान डॉ. शिवकुमार चौहान, डॉ. कपिल मिश्रा और डॉ. धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।

छात्राओं को सिखाए आपदा प्रबंधन के गुर

हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के प्रबंधन विभाग में BBA की छात्राओं के लिए NDRF के सहयोग से कार्यशाला आयोजित की गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा की अध्यक्षता में इंस्पेक्टर तर्पण सिंह और शिखा सिंह की टीम ने छात्राओं को प्राथमिक उपचार और आपातकालीन स्थिति से निपटने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रो. सुरेखा राणा और डॉ. इन्दु गौतम भी मौजूद रहीं।

उत्तराखंड बोर्ड: सरस्वती विद्या मंदिर भेल का दबदबा

हरिद्वार: उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज भेल सेक्टर-2 के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। इंटरमीडिएट में कशिश शर्मा ने प्रदेश में चौथा (96.66%) और अश्मित पांडेय ने 25वाँ स्थान प्राप्त किया। हाईस्कूल में गौरवी ने 19वाँ और शुभम ने 20वाँ स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अंथवाल ने मेधावियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। विद्यालय का हाईस्कूल परिणाम 98.84% रहा।

टेनर्स सहकारी समिति चुनाव: पूजा देवी बनीं सभापति

हरिद्वार: टेनर्स औद्योगिक उत्पादन सहकारी समिति कडच्छ की प्रबंध समिति के चुनाव संपन्न हुए। निर्वाचन अधिकारी अमित यादव ने बताया कि पूजा देवी को सभापति और लख्मीचंद को उपसभापति निर्विरोध चुना गया। इसके अलावा लक्ष्मी, प्रतीक्षा, माया, सुरेश और हेमंत डायरेक्टर चुने गए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का श्यामल प्रधान, पवन कुमार और अन्य सदस्यों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।

टैक्सी चालक की बेटी वंशिका ने प्रदेश में पाया तीसरा स्थान

हरिद्वार: सरस्वती विद्या मंदिर मायापुर की छात्रा वंशिका ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 97% अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा और जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। टैक्सी चालक की पुत्री वंशिका ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और कठिन परिश्रम को दिया। वह भविष्य में गणित की प्रोफेसर बनना चाहती हैं। प्रधानाचार्य विजयपाल ने बताया कि वंशिका ने बिना किसी ट्यूशन के यह मुकाम हासिल किया है।